Hamirpur: बाबा बालक नाथ के दरबार में 4 हजार श्रद्धालुओं ने टेका माथा
punjabkesari.in Sunday, Oct 04, 2026 - 04:10 PM (IST)
दियोटसिद्ध (रजत): इन दिनों श्राद्ध पक्ष चलने के कारण बाबा बालक नाथ के दरबार में श्रद्धालुओं की संख्या में काफी कमी देखने को मिल रही है। आम दिनों में जहां रविवार को बाबा जी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को घंटों लंबी कतार में खड़ा रहना पड़ता था, वहीं इस रविवार को श्रद्धालुओं को महज करीब 30 मिनट में ही बाबा जी की पवित्र गुफा के दर्शन हो गए। सामान्य रविवार की तुलना में भीड़ कम होने के कारण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिली।
जानकारी के अनुसार इस रविवार को बाबा जी के दरबार में करीब 4,000 श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। मंदिर अधिकारी राजेश शर्मा ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

