Chamba: गहरी नींद में सो रहा था परिवार...आधी रात को अचानक धधक उठा मकान, 3 कमरे जलकर राख
punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 06:47 PM (IST)
चम्बा (रणवीर): जिला चम्बा के लिल्ह क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कलमला पंचायत के कुठेड़ गांव में पेश आए एक भीषण अग्निकांड ने एक परिवार के सिर से आशियाना छीन लिया। यहां आधी रात को अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते एक दोमंजिला स्लेटपोश मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में मकान के तीन कमरे और भीतर रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गया, जिससे प्रभावित परिवार को लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है। हालांकि, गनीमत यह रही कि समय रहते आग की भनक लगने से परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी तरह का जानी नुक्सान नहीं हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह अग्निकांड कुठेड़ गांव निवासी प्रकाश पुत्र ज्ञानु के दोमंजिला स्लेटपोश मकान में पेश आया। मंगलवार देर रात जब परिवार के सदस्य अपने कमरे में गहरी नींद में सो रहे थे, तभी अचानक मकान में आग भड़क उठी और धुएं का गुबार उठने लगा। धुएं का अहसास होते ही परिवार के सदस्यों की नींद खुल गई और उन्होंने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई तथा आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
आधी रात को सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग की लपटों पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीन कमरों में रखा सब कुछ जलकर राख हो चुका था। हालांकि, स्थानीय लोगों की इस तत्परता और कड़ी मेहनत ने आग को फैलने से रोक लिया और पूरे गांव को एक बड़े खतरे से बचा लिया। फिलहाल आग किन कारणों से लगी, इसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
इस हादसे में आशियाना छिन जाने के बाद प्रभावित परिवार को अस्थायी तौर पर दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। घटना के बाद कलमला पंचायत के प्रधान विपन कुमार ने मौके पर पहुंचकर नुक्सान का जायजा लिया। प्रशासन व पंचायत की तरफ से पीड़ित परिवार को फौरी राहत प्रदान करने के साथ ही कंबल, राशन किट और तिरपाल उपलब्ध करवाए गए हैं। पंचायत प्रधान विपन कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि प्रभावित परिवार को जल्द से जल्द संपूर्ण राहत राशि जारी की जाए और बेघर हुए इस परिवार के लिए नए मकान की व्यवस्था की जाए।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

