Mandi: 21 नवम्बर से बंद हो जाएंगे देव कमरूनाग मंदिर के कपाट, शिकारी देवी जाने पर भी लगा पूर्ण प्रतिबंध

punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 05:52 PM (IST)

गोहर (सतीश): आगामी शीतकालीन मौसम के दौरान संभावित भारी बर्फबारी और अत्यधिक ठंड को देखते हुए उपमंडल प्रशासन गोहर ने सुरक्षा के दृष्टिगत बड़ा निर्णय लिया है। एसडीएम गोहर देवीराम ने जानकारी देते हुए बताया कि आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगामी 21 नवम्बर से श्री देव कमरूनाग मंदिर के कपाट अगले आदेशों तक पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। इसके साथ ही देवीदढ़ से शिकारी देवी की ओर जाने वाले मार्ग पर भी श्रद्धालुओं, पर्यटकों और ट्रैकर्स की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

एसडीएम ने बताया कि शीतकाल के दौरान उपमंडल गोहर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात होने की संभावना रहती है। विशेषकर श्री देव कमरूनाग मंदिर क्षेत्र तथा देवीदढ़ से शिकारी देवी की ओर जाने वाले मार्ग पर बर्फबारी के कारण रास्ते अवरुद्ध होने, अत्यधिक फिसलन बढ़ने एवं दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इन दुर्गम क्षेत्रों में प्रतिकूल मौसम के दौरान आवागमन करना अत्यंत जोखिमपूर्ण हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए उक्त मार्गों पर आम जनता, श्रद्धालुओं, बाहरी क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों एवं ट्रैकर्स के प्रवेश पर पूर्ण रोक लगाई गई है।

प्रशासन ने स्थानीय निवासियों, श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं ट्रैकर्स से अनुरोध किया है कि वे जारी किए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और इन क्षेत्रों की यात्रा करने से बचें। इसके अतिरिक्त एसडीएम ने संबंधित ग्राम पंचायतों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, होटल संचालकों एवं टैक्सी ऑप्रेटरों से भी आग्रह किया है कि वे इस महत्वपूर्ण सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी अनजाने में इन जोखिम भरे मार्गों की ओर न जाए।

प्रशासनिक आदेशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रतिबंधित अवधि के दौरान किसी भी व्यक्ति को इन क्षेत्रों में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। एसडीएम देवीराम ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी पर्यटक, ट्रैकर अथवा स्थानीय निवासी प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना कर प्रतिबंधित मार्गों में प्रवेश करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News