Shimla: फर्जी सिम से होने वाली साइबर ठगी रोकने के लिए दूरसंचार विभाग सख्त

punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 06:40 PM (IST)

शिमला (राजेश): फर्जी सिम कार्ड के जरिए होने वाली साइबर ठगी पर अंकुश लगाने के लिए दूरसंचार विभाग ने सिम जारी करने की प्रक्रिया को लेकर सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया है। इसी कड़ी में दूरसंचार विभाग के हिमाचल प्रदेश लाइसैंस सेवा क्षेत्र की ओर से बुधवार को बीएसएनएल शिमला के सम्मेलन कक्ष में बिक्री केंद्र (पीओएस) जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। अपर महानिदेशक दूरसंचार वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस सत्र में बीएसएनएल रिलायंस जियो, भारती एयरटैल और वोडाफोन आइडिया के करीब 50 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

सत्र में मोबाइल कनैक्शन जारी करने वाले खुदरा विक्रेताओं, फ्रैंचाइजी और वितरकों को दूरसंचार विभाग के नवीनतम दिशा-निर्देशों और नियमों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नया सिम जारी करने से पहले ग्राहक की पहचान और दस्तावेजों का सही तरीके से सत्यापन करना अनिवार्य है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही से फर्जी मोबाइल कनैक्शन जारी हो सकते हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराध और धोखाधड़ी के लिए किया जा सकता है।

सिम स्वैप के मामलों में भी बरतनी होगी सावधानी
जागरूकता सत्र में नए मोबाइल कनेक्शन जारी करने के साथ सिम स्वैप (सिम बदलने) से जुड़े अनुरोधों के निपटारे की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई। पीओएस कर्मियों को निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित सत्यापन प्रक्रिया का सख्ती से पालन करें और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को मोबाइल कनेक्शन जारी न करें। कार्यक्रम में ग्राहक सत्यापन और सिम जारी करने के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News