Himachal: सरकारी स्कूलों में 30 नवम्बर तक ही मनाने होंगे वार्षिक समारोह
punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 08:53 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 30 नवम्बर तक ही वार्षिक समारोह मनाने होंगे। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए शिक्षा निदेशालय ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। निदेशालय ने सभी जिला उपनिदेशकों (प्रारंभिक एवं उच्चतर शिक्षा) को इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करवाने को कहा है। निदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से बुधवार को जारी निर्देश में कहा गया है कि वार्षिक समारोह निर्धारित अवधि में आयोजित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित न हो।
निदेशालय ने जिला उपनिदेशकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीन आने वाले सभी सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और संस्थान प्रमुखों को इन आदेशों की जानकारी दें और उनका पालन सुनिश्चित करवाएं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समयसीमा का उल्लंघन या निर्देशों की अवहेलना गंभीरता से ली जाएगी। ऐसा करने वाले अधिकारियों और संस्थान प्रमुखों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

