Weather update: हिमाचल में शुष्क ठंड का कहर जारी, 24 नवम्बर तक बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं

punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 06:23 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन सर्द रातों और गिरते पारे ने पहाड़ी इलाकों में ठिठुरन काफी बढ़ा दी है। राज्य के जनजातीय व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लाहौल-स्पीति जिले के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर माइनस 4.3 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि केलांग में भी पारा माइनस 2.1 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, मैदानी और मध्य पर्वतीय इलाकों में दिन के समय चटख धूप खिलने से मौसम सुहाना बना हुआ है और लोगों को दिन में ठंड से राहत मिल रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आगामी एक हफ्ता यानी 24 नवम्बर तक राज्य में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान किसी भी क्षेत्र में बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। तापमान में भी अगले 4-5 दिनों तक कोई बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं, लेकिन सुबह और शाम के समय तापमान में और गिरावट आने से ठिठुरन बढ़ने की आशंका है।

दूसरी ओर, नवम्बर महीने में बादलों की बेरुखी साफ देखने को मिल रही है। 1 नवम्बर से 18 नवम्बर के बीच पूरे प्रदेश में सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज हुई है। इस समयावधि में सामान्य रूप से 10.2 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन मात्र 3.1 मिलीमीटर ही वर्षा रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 69 प्रतिशत कम है। बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर, ऊना और सोलन जैसे जिलों में इस दौरान वर्षा शून्य दर्ज की गई है, जिससे प्रदेश में शुष्क ठंड का असर लगातार गहराता जा रहा है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News