Shimla: छात्रवृत्ति के लिए आवेदन का अंतिम मौका, 30 नवम्बर तक कर सकेंगे ऑनलाइन पंजीकरण

punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 09:15 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए केंद्रीय और राज्य प्रायोजित छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आवेदन करने से चूके विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग ने एक और मौका दिया है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने छात्रवृत्ति पोर्टल दोबारा खोलते हुए विद्यार्थियों को 30 नवम्बर तक ऑनलाइन आवेदन करने के निर्देश दिए हैं। इसे आवेदन का अंतिम अवसर माना जाएगा। इसी के साथ विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वहीं, संस्थान स्तर पर आवेदनों के सत्यापन की अंतिम तिथि 8 दिसम्बर और दूसरे स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि 11 दिसम्बर तय की गई है। जिन विद्यार्थियों के आवेदन संस्थान या राज्य स्तर पर त्रुटिपूर्ण पाए गए हैं, वे राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपनी पहचान संख्या से प्रवेश कर आवश्यक सुधार कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें निर्धारित समय के भीतर जरूरी दस्तावेज दोबारा अपलोड करने होंगे।

इसको लेकर उच्च शिक्षा विभाग निदेशक ने सभी संस्थानों व अधिकारियों को पत्र लिखकर सूचना भेजी है। साथ ही स्पष्ट किया है कि 30 नवम्बर तक विद्यार्थियों के स्तर पर लंबित आवेदनों को स्वत: निरस्त माना जाएगा। सभी शैक्षणिक संस्थानों को 8 दिसम्बर तक त्रुटिपूर्ण आवेदनों का दोबारा सत्यापन पूरा करना होगा और संस्थान स्तर पर लंबित मामलों की संख्या शून्य रखनी होगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि सत्यापन में लापरवाही के कारण किसी पात्र विद्यार्थी को छात्रवृत्ति से वंचित रहना पड़ा तो संबंधित संस्थान के प्रमुख और संस्थान नोडल अधिकारी जिम्मेदार होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News