CM जयराम बोले-Echo Tourism के तहत विकसित होगा सराज का एक गांव

punjabkesari.in Sunday, Jul 14, 2019 - 04:56 PM (IST)

मंडी (नीरज): मंडी जिला की जंजैहली घाटी को पर्यटन नगरी बनाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मास्टर प्लान तैयार कर लिया है, जिसके तहत जंजैहली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं को तैयार किया जा रहा है। टूरिस्ट को आकर्षित करने के लिए सराज के एक गांव को ईको टूरिज्म के तहत विकसित किया जाएगा। चयनित गांव में सराज की पारंपरिक शैली में सभी घरों को तैयार किया जाएगा। ऐसे गांव में टूरिस्टों को हर प्रकार की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही जंजैहली में भुलाह, बुढाकेदार, शिकरी माता व देव कमरूनाग जाने वाले ट्रैकों को विकसित करने की योजना भी प्रदेश सरकार ने बना ली है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जंजैहली में पर्यटन उत्सव के समापन समारोह के दौरान अपने संबोधन में कही।
PunjabKesari, Tourism Festival Image

सराज में पर्यटन की अपार संभावनाएं

उन्होंने कहा कि सराज में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं जिन्हें अब सरकार आम जनता के सहयोग से पूरा करने की तरफ बल दे रही है। इस मौके पर उन्होंने स्थानीय लोगों से इसमें अपना पूर्ण सहयोग देने की अपील की। उन्होने यहां के लोगों से होम स्टे बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आम लोगों का सहयोग ऐसा ही रहा तो आने वाले 5 वर्षों में जंजैहली की तस्वीर बदल देंगे। इस दौरान उन्होने उत्सव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को ईनाम देकर सम्मानित भी किया। इसके साथ ही उन्होंने जंजैहली में टूरिज्म विकास के लिए करोड़ों रुपए की घोषणाएं की।

कटारू में रखी विश्राम गृह की आधारशिला

उन्होंने कटारू में पर्यटन को बढावा देने के लिए यहां पर एक विश्राम गृह की आधारशिला भी रखी जिसे लगभग 3.50 करोड़ की लागत से तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होने कटारू में कला मंच बनाने के लिए 1 करोड़ रुपए देने की घोषणा ही। वहीं कटारू में विभिन्न विभागों के दफ्तरों को एक ही इमारत में लाने के लिए भवन के लिए 3 करोड़ रुपए की घोषणा की। इसके साथ ही और कई विकास कार्यों के लिए भी मुख्यमंत्री ने जंजैहली वासियों के लिए दिल खोल कर घोषणाएं की।

जंजैहली के लिए क्लब महेन्द्रा के साथ एम.ओ.यू. साइन

इसके साथ ही सी.एम. ने बताया कि जंजैहली के लिए क्लब महेन्द्रा के साथ भी एम.ओ.यू. साइन किया गया है जो भी आने वाले समय में यहां के टूरिज्म को बढाने के लिए काफी कारगर साबित होगा। इसके साथ ही उन्होने विभाग के अधिकारियों को जंजैहली में पार्किंग की सुविधा के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए व यहां पर जारी विकास कार्यों को अगले 2 वर्षों में पूरा करने के भी कड़े निर्देश दिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News