सीएम सुक्खू बोले-पालमपुर में बेटी से निर्मम वारदात पर राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रहे जयराम

punjabkesari.in Tuesday, Apr 23, 2024 - 11:52 PM (IST)

नादौन (जैन): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर पालमपुर की एक बेटी के साथ हुई निर्मम वारदात पर भी राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रहे हैं, जोकि बहुत ही शर्मनाक है। मंगलवार को नादौन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी चले जाने के बाद जयराम ठाकुर पूरी तरह विचलित हो गए हैं और हर बात को राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पालमपुर में एक बेटी पर युवक द्वारा दराट से किया गया हमला बहुत ही जघन्य अपराध है और प्रदेश सरकार ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की है। प्रदेश सरकार पीड़ित बेटी के इलाज का पूरा खर्चा उठाएगी।

कंगना ने चुनाव को देखते हुए किया पीड़ित बेटी की मदद का ऐलान
सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और यहां के निवासी शांतिप्रिय हैं लेकिन पालमपुर में हुई जघन्य वारदात ने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि मंडी से भाजपा की उम्मीदवार कंगना रणौत ने चुनाव को देखते हुए ही इस पीड़ित बेटी की मदद का ऐलान किया है जबकि हिमाचल में भीषण आपदा के समय कंगना ने किसी भी पीड़ित की मदद नहीं की थी। उस समय बॉलीवुड स्टार आमिर खान ने हिमाचल को 25 लाख रुपए दिए थे जबकि अपने आपको हिमाचल की बेटी कहने वाली कंगना ने एक रुपया तक नहीं दिया था। उन्होंने कहा कि कंगना केवल सुर्खियों में रहने के लिए इस तरह के बयान दे रही हैं। सुक्खू ने कहा कि सरकार पहले ही पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च देने का निर्णय कर चुकी है। 

जिन्हें जाना था, वे चले गए, अब कांग्रेस सरकार और संगठन पूरी तरह मजबूत
विपक्ष के नेता पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 6 बर्खास्त विधायकों ने कांग्रेस से जाना था, वे चले गए हैं। अभी कांग्रेस सरकार और संगठन पूरी तरह मजबूत है। सुक्खू ने कहा कि इन नेताओं के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा के भीतर भारी असंतोष साफ नजर आ रहा है। भाजपा के नेताओं और कार्यकर्त्ताओं में बढ़ रहे असंतोष को देखते हुए ही जयराम ठाकुर विचलित हो गए हैं। वह कांग्रेस की सरकार को हर हाल में गिराना चाहते थे। इसमें पूरी तरह विफल होने के बाद वह बौखला गए हैं। पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर की कांग्रेस में वापसी के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसकी अनुशंसा कर दी है। अब जल्द ही कांग्रेस हाईकमान से भी इसकी स्वीकृति मिल जाएगी।

टिकट आबंटन कांग्रेस पार्टी का आंतरिक मामला 
विक्रमादित्य सिंह के टिकट के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि टिकट आबंटन कांग्रेस पार्टी का आंतरिक मामला है। विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों पर नोटिस के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अदालत के समक्ष इसके सबूत पेश किए जाएंगे। वहीं गंगूराम मुसाफिर की एंट्री को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें ज्वाइन करवाया है और इसके लिए हाईकमान से स्वीकृति ली गई थी। 
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News