कांग्रेस ने साजिश के तहत आनंद शर्मा को बनाया कांगड़ा से प्रत्याशी : जयराम

punjabkesari.in Saturday, May 04, 2024 - 06:50 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर कहा कि वह इस मुकाम पर संघर्ष से नहीं बल्कि जुगाड़ व साजिश से पहुंचे हैं। उन्होंने कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केन्द्रीय मंत्री आनंद शर्मा को प्रत्याशी बनाने के पीछे बड़ी साजिश करार दी है। इसमें पूरी कांग्रेस शामिल है। कांग्रेस ने एक षड्यंत्र के तहत चुनाव में खड़ा तो कर दिया लेकिन चुनाव में उनकी कोई मदद नहीं करेगा। चुनाव हारने पर उन्हें कहा जाएगा कि आप तो केवल इतने ही लोकप्रिय थे। 

जयराम ने कसौली निर्वाचन क्षेत्र के परवाणू में पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने मंडी संसदीय क्षेत्र से विक्रमादित्य सिंह को चुनाव मैदान में उतारकर हॉलीलॉज को डिसलॉज करने की चाल है ताकि मंत्रिमंडल से उनकी छुट्टी की जा सके। मुख्यमंत्री की यह मंशा कभी पूरी होने वाली नहीं है क्योंकि मंडी से भाजपा ही चुनाव जीतेगी। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस में चुनाव लड़ने को कोई तैयार नहीं है। बड़ी मुश्किल से कांग्रेस ने हमीरपुर व कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में प्रत्याशी तय किए। कांगड़ा में तो सभी नेता चुनाव से भाग रहे थे।

पार्टी ने चुनाव लड़ने के लिए आरएस बाली पर दबाव बनाया तो उन्होंने अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे को पत्र लिखकर असमर्थता जता दी। हमीरपुर में तो मुख्यमंत्री अपने उपमुख्यमंत्री को चुनावी रण में उतरने को कह रहे थे तो उपमुख्यमंत्री मुख्यमंत्री को कह रहे थे कि आप अपनी पत्नी को चुनाव लड़ाएं। फिर मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री को अपनी बेटी से चुनाव लड़वाने को कहा ताकि किसी तरह पार्टी में अपने विरोधियों को कमजोर किया जा सके।

जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री भाजपा पर सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगा रहे हैं। आप अस्थिर अपने आप हुए हैं। मुख्यमंत्री के जिला से 5 में से 3 विधायक आपके खिलाफ खड़े हो गए। आप कैसा नेतृत्व कर रहे हैं। मैं भी 5 साल मुख्यमंत्री रहा। मेरे जिले से एक निर्दलीय विधायक सहित भाजपा के सभी 10 विधायक चट्टान की तरह साथ खड़े रहे। उन्होंने अपने विधायकों का सम्मान किया कभी अपमान नहीं किया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News