Mandi: पंचवक्त्र मंदिर के पास महिला ने ब्यास नदी में कूदकर दी जान, 2 बच्चों के सिर से उठा मां का साया

punjabkesari.in Saturday, Jan 24, 2026 - 03:29 PM (IST)

मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला मुख्यालय से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। एक 37 वर्षीय महिला ने ऐतिहासिक पंचवक्त्र मंदिर के समीप ब्यास नदी में छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

मृतका की पहचान रीता देवी (37) पत्नी स्वर्गीय प्रकाश चंद के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मंडी जिला के बनाल गांव की रहने वाली थी। रीता देवी बाबा भूतनाथ मंदिर की गली में एक किराए के कमरे में अपने बेटे और बेटी के साथ रहती थी। शनिवार सुबह करीब 9 बजे उसने विक्टोरिया पुल (भूली पुल) से उफनती ब्यास नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने तुरंत सर्च अभियान शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला के शव को नदी से निकाल लिया गया।

एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल आत्महत्या के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जोनल अस्पताल मंडी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं। एसपी के अनुसार हम मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रहे हैं। परिजनों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि महिला ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News