Mandi News: खेतों में गया था परिवार, पीछे से राख के ढेर में बदल गया 3 मंजिला मकान; ₹10 लाख का नुक्सान

punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 07:46 PM (IST)

पधर (किरण): मंडी जिले के उपमंडल पधर के बरोट क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक भीषण अग्निकांड में एक तीन मंजिला स्लेटपोश मकान जलकर राख हो गया। घटना बरधान पंचायत के राजस्व मुहाल झमटेड़ के पालाखुंडी गांव की है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ, लेकिन मकान में रखी नकदी, आभूषण, अनाज और घरेलू सामान सहित सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में प्रभावित परिवार को करीब 10 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है।

जानकारी के अनुसार पालाखुंडी गांव निवासी प्रभावित सुखदेव पुत्र चंदू राम का परिवार शुक्रवार दोपहर का भोजन करने के बाद खेतों में काम करने चला गया था। इसी बीच दोपहर करीब डेढ़ बजे ग्रामीणों ने उनके मकान से धुआं और आग की तेज लपटें उठती देखीं। आग लगने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि उसने कुछ ही देर में तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते सब कुछ जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण रसोई के चूल्हे में सुलगती हुई आग को माना जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही लचकंडी हलका के पटवारी सुखदेव सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने नुक्सान का आकलन कर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी है। वहीं, पंचायत प्रधान निशा और उपप्रधान काजू राम ने भी घटनास्थल का दौरा कर प्रभावित परिवार से मुलाकात की और प्रशासन से उन्हें जल्द से जल्द उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग उठाई। प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवार को 10 हजार रुपए की फौरी राहत राशि और तिरपाल प्रदान किया गया है।

एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ठाकुर ने बताया कि इस घटना में परिवार का रहने योग्य मकान पूरी तरह नष्ट हो गया है। प्रशासन द्वारा नियमानुसार राहत एवं सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल, बेघर हुए परिवार के रहने की अस्थायी व्यवस्था उनके पुराने मकान और रिश्तेदारों के घर पर की गई है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News