Alert! भारी बारिश के चलते ब्यास नदी ने धरा रौद्र रूप, पंडोह बांध से छोड़ा 40 हजार क्यूसेक पानी

punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 05:18 PM (IST)

मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण ब्यास नदी का जलस्तर उफान पर आ गया है। नदी के रौद्र रूप को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गए हैं।

ब्यास नदी में पानी का बहाव तेजी से बढ़ने के बाद भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड ने एहतियातन पंडोह बांध के तीन गेट खोल दिए हैं। जानकारी के अनुसार इन गेटों से 40,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जो इस मानसून सीजन में पंडोह बांध से छोड़ा गया अब तक का सबसे अधिक पानी है। किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए पानी छोड़ने से पहले अधिकारियों द्वारा बकायदा सायरन बजाकर अलर्ट जारी किया गया। इसके साथ ही, स्थानीय लोगों और मवेशी चराने वालों को ब्यास नदी के किनारों से पूरी तरह दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।

56 सड़कें और 182 बिजली ट्रांसफार्मर ठप्प
भारी बारिश का असर जिले की बुनियादी सुविधाओं और यातायात पर भी व्यापक रूप से पड़ा है। बारिश और भूस्खलन के कारण पूरे जिले में 56 सड़कें यातायात के लिए पूरी तरह बंद हो गई हैं, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इसके अलावा, 182 बिजली ट्रांसफार्मर ठप्प पड़ गए हैं, जिसके चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। वहीं, राहत और बचाव कार्यों के बीच मुख्य हाईवे पर भी कई जगहों पर छोटे-मोटे भूस्खलन की सूचना है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News