Mandi News: ननद के घर दिनदहाड़े भाभी के सोने के गहने चोरी, 8 साल की बच्ची ने बताई पड़ोसी की करतूत!
punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 03:25 PM (IST)
सुंदरनगर (सोढी): सुंदरनगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक घर से सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी को लेकर थाना में दी गई शिकायत में पड़ोसी पर वारदात में शामिल होने का संदेह जताया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना में दर्ज करवाई प्राथमिकी में किरणा कुमारी पत्नी दुर्गादास निवासी गांव ख्युरी, डाकघर राजगढ़ व तहसील बल्ह ने बताया है कि वह सुंदरनगर के चुरढ़ क्षेत्र स्थित नाल गांव में सोमवार को अपनी ननद के घर गई हुई थी। इस दौरान वह छत पर सूखे कपड़े उतारने गई तो उसने एक पड़ोसी को घर से बाहर निकलते देखा। कुछ देर बाद उसकी 8 वर्षीय बेटी ने बताया कि उक्त व्यक्ति मोबाइल चार्जर मांगने के बहाने घर के अंदर आया था और कमरे में रखे उसके पर्स को टटोल रहा था। इस पर जब वह अपना पर्स देखने गई तो जांच में पाया कि उसमें रखा करीब 5 ग्राम का सोने का मंगलसूत्र, 8 ग्राम की सोने का चाक तथा 5-6 ग्राम सोने के कान के कांटे गायब मिले। चोरीशुदा इन आभूषणों की कीमत करीब 3 लाख रुपए है।
शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि वह पूरा दिन घर पर ही थी और उसकी ननद के पड़ोसी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति वहां नहीं आया था। इसलिए उसे उसी व्यक्ति पर चोरी का संदेह है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

