Mandi: गहने लूटकर भागे हथियारबंद बदमाशों पर भारी पड़े ग्रामीण, पहले जमकर की धुनाई, फिर...

punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 10:44 PM (IST)

मंडी (रजनीश): मंडी जिले के कनोज क्षेत्र में लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। इस घटना में बदमाशों ने धारदार हथियारों का डर दिखाकर सोने के आभूषण लूटे, लेकिन राहला के स्थानीय ग्रामीणों की सूझबूझ और बहादुरी के आगे लुटेरों की एक न चली। ग्रामीणों ने न केवल लुटेरों को दबोचा, बल्कि उनकी जमकर धुनाई भी कर डाली, जिसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार कनोज क्षेत्र में लुटेरों ने एक व्यक्ति को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने धारदार हथियार दिखाकर उससे सोने के आभूषण लूट लिए और अपनी कार में सवार होकर तेजी से फरार होने की कोशिश की। घटना की सूचना जैसे ही पास के राहला गांव के निवासियों को मिली, उन्होंने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। ग्रामीणों ने सड़क पर संदिग्ध कार को आता देख उसे रोकने के लिए घेराबंदी कर दी। पकड़े जाने के डर से लुटेरों ने भागने की जद्दोजहद में वहां खड़ी एक आल्टो कार को भी टक्कर मार दी, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, निडर ग्रामीणों ने लुटेरों को चारों तरफ से घेर लिया और भागने का कोई रास्ता नहीं छोड़ा। काबू में आते ही गुस्साए ग्रामीणों ने लुटेरों की जमकर धुनाई कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की गिरफ्त से लुटेरों को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और क्षतिग्रस्त वाहनों का मुआयना किया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News