Mandi News: एक कमरे में सोता रहा बुजुर्ग दंपति, दूसरे कमरे से 8 लाख के गहने-नकदी ले उड़े शातिर चोर
punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 12:27 PM (IST)
जोगिंद्रनगर (विनोद): मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल के तहत आने वाले ढेलू गांव में एक चोरी का मामला सामने आया है। घर में सो रहे एक बुजुर्ग दंपति को भनक तक नहीं लगी और चोरों ने दूसरे कमरे में सेंध लगाकर करीब 7 से 8 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषणों सहित हजारों रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
जोगिंद्रनगर पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार ढेलू गांव निवासी 70 वर्षीय सरवन कुमार पुत्र संतूराम ने बताया कि वह और उनकी पत्नी रात को अपने कमरे में सो रहे थे। सुबह जब वे उठे तो उन्होंने देखा कि घर के दूसरे कमरे में रखी लोहे की अलमारी के दरवाजे टूटे हुए हैं। अलमारी का सारा सामान बिखरा पड़ा था और जब उसकी जांच की गई, तो उसमें रखे सारे कीमती आभूषण और नकदी गायब मिली।
शिकायतकर्ता सरवन कुमार के मुताबिक चोरों ने अलमारी में रखे 2 सोने के सैट, 2 सोने की अंगूठियां, एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, सोने के कड़े, 2 चांदी के कड़े, एक चांदी की चेन और लगभग 12,000 रुपए की नकदी चोरी कर ली है। पीड़ित परिवार के अनुसार,चोरी हुए इन सभी आभूषणों की कुल कीमत लगभग 7 से 8 लाख रुपए के बीच है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। जोगिंद्रनगर थाना पुलिस ने सरवन कुमार की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर सुराग जुटाने में लगी है और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

