Shimla: प्रधानमंत्री की तरफ से घोषित 1,500 करोड़ का पैकेज अभी नहीं मिला : सुक्खू

punjabkesari.in Tuesday, Oct 07, 2025 - 04:17 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से हिमाचल प्रदेश के लिए घोषित 1,500 करोड़ रुपए का विशेष पैकेज अभी तक नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि जब यह पैकेज मिल जाएगा तो इसकी जानकारी को सांझा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से पत्राचार करके स्पैशल पैकेज व ग्रांट देने का मामला केंद्र सरकार से उठाया जाएगा। सुखविंदर सिंह सुक्खू यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर मौसम परिवर्तन की मार पड़ रही है।

इस कारण मानसून के बाद समय से पहले सर्दियां आने लगी हैं। ग्लोबल वार्मिंग के कारण मौसम में आए इस बदलाव से जुड़े मामले को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उठाया गया है, जिसके बाद केंद्रीय टीम इसका अध्ययन कर रही है। इस विषय का अध्ययन करना जरूरी है, क्योंकि आने वाले समय में इसका प्रभाव देश के अन्य क्षेत्रों पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि मौसम के प्रभाव के कारण 1 से डेढ़ डिग्री सैल्सियस तापमान में बढ़ौतरी दर्ज की जा रही है, जिसके साइड इफैक्ट आने वाले समय में देखने को मिल सकते हैं।

हिमाचल आकर पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य का लाभ उठाएं
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अब पर्यटक हिमाचल प्रदेश आकर प्राकृतिक सौंदर्य का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यहां की वायु शुद्ध और बर्फबारी के बीच प्राकृतिक सौंदर्य देखने लायक है।

सुप्रीम कोर्ट मुख्य न्यायाधीश के साथ घटित घटना दुर्भाग्यपूर्ण
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के साथ घटित घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि न्याय प्रणाली में बैठे व्यक्ति के साथ इस प्रकार की वारदात होना इंगित करता है कि संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादाओं का उल्लंघन किया जा रहा है। इस चीज को समझने की जरूरत है कि क्यों ऐसी घटना घटी और कैसे व्यक्ति इस घटना को अंजाम देता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार इस घटना की निंदा करती है और इसमें शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News