Shimla: मंत्री बाेले-PM माेदी की तरफ से घोषित 1500 करोड़ के पैकेज से अब तक हिमाचल काे कुछ नहीं मिला
punjabkesari.in Thursday, Sep 25, 2025 - 09:48 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से आपदाग्रस्त हिमाचल प्रदेश के लिए घोषित 1500 करोड़ रुपए के पैकेज से अब तक कुछ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता इस राशि को शीघ्र प्रदेश सरकार को दिलवाने में मदद करें, ताकि संकट के समय प्रभावित लोगों की मदद की जा सके। जगत सिंह नेगी यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने आपदा के समय में लोगों से एकत्र की गई राशि और राशन वितरण में बंदरबांट की है। ऐसे में भाजपा को इस बारे में श्वेत पत्र जारी करना चाहिए, ताकि यह पता चल सके कि किस व्यक्ति को कितनी राशि और राशन मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने भारी-भरकम जीएसटी लगाकर लूटने का काम किया है, ऐसे में जो अधिक राशि वसूली गई है, उसे राज्य सरकार को वापस करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब चुनावी समय में जीएसटी के नाम पर रियायत देने के नाम पर भाजपा लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
कैबिनेट ने मंजूर किया विशेष पैकेज, पात्र लोगों को मिलेगा लाभ
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने वित्तीय संसाधनों से आपदा प्रभावित लोगों के लिए विशेष पैकेज देने का निर्णय लिया है, जिसे कैबिनेट से मंजूरी प्रदान की गई है। इसका लाभ पात्र लोगों को मिले, इसके लिए स्थानीय स्तर पर 3 सदस्यीय समिति गठित की गई है। उन्होंने कहा कि इस पैकेज का लाभ वर्ष 2023 की तर्ज पर पात्र लोगों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 की आपदा के समय केंद्र से कोई सुध लेने नहीं आया तथा इस बार प्रधानमंत्री को तब आना पड़ा जब भाजपा के नेताओं ने शोर डाला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 की आपदा के समय मंडी जिला में मनरेगा से 1 हजार करोड़ रुपए और वर्ष 2024 में वहां के लिए 500 करोड़ रुपए की स्कीम मंजूर की। उन्होंने कहा कि इस बार भी सरकार पूरी तरह नष्ट घरों को 7 लाख रुपए देगी। इसके अलावा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों, किराएदारों, पॉलीहाऊस नष्ट होने, पशुओं को गंवाने वालों एवं अन्य मदों में बढ़ा हुआ मुआवजा देगी। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को जमीन के बदले में जमीन देने के लिए राज्य सरकार ने एफसीए में छूट देने की मांग केंद्र सरकार से की है, मगर अभी तक उसमें कोई निर्णय नहीं हुआ है।
निगुलसरी में मार्ग खोलने का काम युद्धस्तर पर जारी
जगत सिंह नेगी ने कहा कि निगुलसरी में अवरुद्ध मार्ग को खोलने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। उन्होंने कहा कि इसको लेकर भाजपा के कुछ लोगों ने नारेबाजी करके व बेवजह रास्ता रोकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की है, जिसके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
सवा 2 करोड़ पेटियां मंडी पहुंची, यूनिवर्सल कार्टन जारी रहेगा
जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रतिकूल हालात में सवा 2 करोड़ सेब की पेटियां मंडियों तक पहुंची हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा नेता यूनिवर्सल कार्टन को लेकर भ्रांतियां फैला रहे हैं, लेकिन बागवानों को लूट से बचाने के लिए इसे जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि एमआईएस के तहत करीब 67 हजार मीट्रिक टन बागवानों से खरीद की गई है। इसमें से आधा माल मंडियों और कुछ को प्रोसैसिंग पलांट पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए सेब को फैंकने की बात कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा विधायक बलबीर वर्मा पर भी पराला मंडी में यूनिवर्सल कार्टन को लेकर दिए गए बयान को राजनीतिक बताया।