Shimla: हिमाचल में बारिश से कृषि को 53.01 करोड़ का नुक्सान हुआ

punjabkesari.in Tuesday, Sep 23, 2025 - 09:58 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश में कृषि को भारी बारिश से आई आपदा से 53.01 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। इसमें सबसे अधिक नुक्सान जिला चम्बा में हुआ है। चम्बा में कृषि को 19.21 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। उधर नुक्सान की भरपाई के लिए प्रदेश सरकार ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है। पत्र में केंद्रीय मंत्री से राज्य को कृषि योजना या फिर सीधे आर्थिक मदद करने का आग्रह किया गया है।

राज्य में गत करीब 3 माह से अधिक समय से बारिश का क्रम जारी है। राज्य में भारी बारिश व बाढ़ से करीब 5 हजार करोड़ से अधिक नुक्सान हुआ है। इससे कृषि क्षेत्र को भी भारी नुक्सान हुआ है। कृषि क्षेत्र में मक्की व सब्जियों को अधिक नुक्सान हुआ है। कृषि विभाग द्वारा लगाए अनुमान के अनुसार भारी बारिश से 30.47 करोड़ की मक्की की फसल तबाह हुई है।

इसी तरह 3.60 करोड़ की धान की, 18.62 लाख की बाजरा तथा 4.61 करोड़ रुपए की खरीफ दालों की फसलों को नुक्सान पहुंचा है। इसी तरह सब्जियों को 12.56 करोड़, आलू को 1.14 करोड़ रुपए, अदरक को 28.55 लाख तथा तेल बीज की फसल को 13.05 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। ऐसे में साफ है कि मक्की, धान, बाजरा व खरीफ दालों को 38.88 करोड़ का तथा सब्जियां, आलू, अदरक व तेल बीज की फसल को 14.13 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है।

भारी बारिश व बाढ़ से 24292.47 हैक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित
राज्य में 4,08,850 हैक्टेयर भूमि पर फसलें लगाई गई हैं। इसमें से भारी बारिश व बाढ़ से 24292.47 हैक्टेयर कृषि भूमि को नुक्सान हुआ है। इसमें 20,232 हैक्टेयर भूमि पर 33 फीसदी से कम तथा 3990 हैक्टेयर भूमि पर 33 फीसदी से अधिक नुक्सान हुआ है। राज्य में जिला बिलासपुर में 5438 हैक्टेयर कृषि भूमि को नुक्सान हुआ है। इसी तरह चम्बा में 7790 हैक्टेयर, हमीरपुर में 181.61, कांगड़ा में 863.44, कुल्लू में 417, लाहौल-स्पीति में 0.96, मंडी में 1753, शिमला में 356.68, सिरमौर में 1209, सोलन में 5508 तथा जिला ऊना में 774.48 हैक्टेयर कृषि भूमि को नुक्सान हुआ है।

कृषि क्षेत्र में किस जिला में कितना नुक्सान
बिलासपुर 4.47, चम्बा 19.21, हमीरपुर .74, कांगड़ा 3.16, किन्नौर 0, कुल्लू 4.54, लाहौल स्पिति .19, मंडी 13.74, शिमला 3.56, सिरमौर .22, सोलन .73, ऊना 2.40

क्या कहते हैं कृषि मंत्री
कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि राज्य में कृषि को भी भारी नुक्सान हुआ है। इसकी भरपाई के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में बाढ़ व भारी बारिश से 1984.57 हैक्टेयर कृषि भूमि बह गई है, जिसकी कीमत 18.57 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News