Shimla: विजयनगर में दिखे इस खतरनाक जानवर के बच्चे, लोगों में दहशत
punjabkesari.in Wednesday, Apr 09, 2025 - 04:55 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): राजधानी शिमला सहित उपनगरों में भी तेंदुओं की दहशत है। मंगलवार देर रात को शिमला से सटे उपनगर टुटू के विजयनगर में 2 तेंदुए के बच्चे (शावक) दिखे, जिनकी उम्र 5 से 6 माह होने का अनुमान है। ये शावक वहां पर एक भवन में लगे सीसीटीसी कैमरे में कैद हो गए। इससे उन लोगों में भय का माहौल है, जो रात के समय उधर से गुजरते हैं।
गत वर्ष भी 2 तेंदुओं और उनके साथ 2 शावकों को पंचायत के भरयाल और मजठाई गांव तथा उपनगर टुटू के दिव्यनगर और कैंचीमोड़ के आसपास के जंगलों में अक्सर देखा गया था। पार्षद मोनिका भारद्वाज ने बताया कि लोगों की सूचना के बाद वन विभाग के आरओ को इसकी सूचना दी गई है। उन्होंने बताया कि वन विभाग ने इन तेंदुओं की मां को पकड़ने के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया है। वहां पर पिंजरे लगाने की बात भी वन विभाग ने कही है।