Shimla: नेता पद से नहीं दिलों पर राज करने से बनते हैं : विक्रमादित्य

punjabkesari.in Sunday, Jul 20, 2025 - 08:48 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का वीडियो शेयर किया है, जिसमें धूमल वीरभद्र सिंह के साथ ही यादों को सांझा कर रहे हैं। वीडियो में धूमल ने कहा स्व. वीरभद्र सिंह प्रदेश के वरिष्ठ नेता थे। हमारा मुद्दों पर राजनीतिक टकराव था, लेकिन व्यक्तिगत संबंध हमारे बहुत ही अच्छे थे। वीडियो शेयर करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने लिखा कि नेता पद से नहीं दिलों पर राज करने से बनते हैं। हमारे बुजुर्गों के आशीर्वाद पर निरंतर चलते रहें।

इस पोस्ट के जहां कई तरह के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं, वहीं कमैंट के माध्यम से लोगों ने अपनी-अपनी पुरानी यादों को सांझा किया है। कमैंट के माध्यम से दिशु रावत ने लिखा कि संकीर्ण मानसिकता वाले लोग भी दिल नहीं जीत सकते हैं। मित्र मंडली मात्र को आगे करना और अपने ही लोगों को तंग करना ऐसे नेता कभी दिलों पर राज नहीं कर सकते। राजिंदर वर्मा ने अपनी पुरानी यादों को सांझा करते हुए कहा कि कांग्रेस जब वर्ष 2017 में चुनाव हार गई थी। उसके बाद वह नववर्ष की बधाई देने हॉली लॉज गए।

इस दौरान राजिंदर ने वीरभद्र सिंह से कहा कि सर इस बार आपने बहुत काम किए। बहुत सी नौकरियां भी दी, फिर भी लोगों ने क्यों हरा दिया। तब वह मुस्कराए, फिर बोले यह प्रदेश एक प्रोग्रैसिव समाज है, जो लगातार तेजी से आगे बढ़ना चाहता है और इसे हमने ही ऐसा बनाया है। उनका निर्णय मुझे स्वीकार है। कमैंट में और भी लोगों ने अपने विचार सांझा किए हैं। राजनीतिक गलियारों में इस पोस्ट को वर्तमान में सीएम व विक्रमादित्य सिंह के रिश्तों को जोड़ के भी देखा जा रहा है। विक्रमादित्य सिंह इन दिनों स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के तहत दक्षिण कोरिया व जापान के दौरे पर हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News