Shimla: आरोपी अधिकारियों को सरकार कर रही पुरस्कृत : जयराम
punjabkesari.in Saturday, Jul 26, 2025 - 09:49 PM (IST)

शिमला (हैडली): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि व्यवस्था परिवर्तन के दौर से गुजर रही सरकार आरोपी अधिकारियों को पुरस्कृत कर रही है। इसका प्रमाण ऊर्जा निगम के महा प्रबंधक विमल नेगी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले के आरोपियों पर बारी-बारी मेहरबानी करना है। जयराम ठाकुर ने यहां जारी बयान में कहा कि इस मामले में आरोपियों को जब तक जमानत नहीं मिली, तब तक उनके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसी तरह सुप्रीम कोर्ट से जमानत का विरोध भी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय विमल नेगी की पत्नी को इंसाफ दिलाने का वायदा किया था। ऐसे में जब वह आरोपियों को पुरस्कृत कर रहे हैं, तो कैसे उनसे नजर मिलाएंगे।
उन्होंने कहा कि पीड़ितों की आवाज उठाने वालों को दंडित करने की नई परिपाटी की सरकार को कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि इसका हश्र पहले भी प्रदेश ने देखा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश बिजली कर्मचारी और इंजीनियर एसोसिएशन के पदाधिकारियों की तरफ से बिजली विभाग में अनियमितता का मामला सामने लाया गया तो कहानी उनकी आवाज दबाने के लिए कार्रवाई की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसी सरकार आई है, जो भ्रष्टाचार के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की वजह उन्हें महत्वपूर्ण जगहों पर तैनाती देती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वह भ्रष्टाचार के आरोपों को गंभीरता से लें और उसकी जांच करवाएं।