Shimla: आर्थिक हालात पर न्यायालय की टिप्पणी ने सरकार को दिखाया आईना : जयराम
punjabkesari.in Friday, Aug 01, 2025 - 09:13 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश के आर्थिक हालात को लेकर न्यायालय की तरफ से की गई टिप्पणी ने सरकार को आईना दिखाया है। इससे प्रदेश का वित्तीय कुप्रबंधन भी खुलकर सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्था परिवर्तन की दुहाई देने वाली सरकार ने प्रदेश को चौतरफा नुक्सान पहुंचाया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आपदा प्रभावितों को केंद्र सरकार की तरफ से दी गई मदद का लाभ भी राज्य सरकार नहीं दे पाई है। जयराम ठाकुर ने यहां जारी बयान में यह बात कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में सिर्फ मित्रों को ही लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी न्यायालय को दिल्ली स्थित हिमाचल भवन की नीलामी के आदेश देने पड़े थे। प्रदेश में आज ठेकेदारों को पैसों का भुगतान नहीं हो रहा है, उल्टा उनके ऊपर झूठ बोलने का आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तथ्यों और दस्तावेजों के साथ सरकार को कानून के सामने हाजिर होना पड़ा, लेकिन झूठ न्यायालय में चल नहीं सकता। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से आपदा प्रभावितों को भरपूर मदद की जा रही है, लेकिन राज्य सरकार आपदा राहत राशि प्रभावितों तक भेजने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से 2023 की आपदा के लिए ही 5,150 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता की गई है। इसके अलावा प्रदेश को 93,000 आवास दिए गए।
जनता का मदद देने के लिए आभार जताया
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने लोगों के नाम जारी अपने संदेश में जनता का आपदा प्रभावितों के लिए मदद उपलब्ध करवाने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोगों ने राशन किट के साथ अन्य तरह की मदद पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी लोग आपदा प्रभावितों की मदद अपने तरीके से कर सकते हैं।