15 सुंदरियों को पछाड़ हिमाचली बेटी ने जीता मिस अखंड भारत का खिताब
punjabkesari.in Monday, Apr 08, 2019 - 08:12 PM (IST)

मानपुरा: बद्दी के बसंती बाग की ट्विंकल सिंह ने मिस अखंड भारत का खिताब जीत लिया है। नई दिल्ली में हुई सौंदर्य प्रतियोगिता में ट्विंकल सिंह ने देश भर की 15 सुंदरियों को पछाड़ कर यह मुकाम हासिल किया है। दिल्ली के कनॉट प्लेस में हुई ब्यूटी विद बे्रन प्रतियोगिता में कुल 4 राऊंड हुए, जिसमें ट्विंकल हर राऊंड में अव्वल रही। आर.पी. सिंह व किरण सिंह के घर में जन्मी ट्विंकल सिंह को मॉडलिंग का बचपन से शौक था। स्कूल व कॉलेज में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में वह हिस्सा लेती थीं। उनके इस शौक को देखते हुए उसके माता-पिता ने हमेशा उन्हें प्रोत्साहित किया।
सर्जिकल स्ट्राइक व अखंड भारत जैसे प्रश्नों का दिया सहजता से उत्तर
बद्दी में अपनी प्रारंभिक पढ़ाई पूरी करने के बाद ट्विंकल ने दिल्ली से बी.बी.ए. किया व वर्तमान में एम.सी.ए. कर रही है। हाल ही में 28 मार्च को दिल्ली में हुई इस अखंड भारत प्रतियोगिता में ट्विंकल ने भाग लिया और अपने सौंदर्य के साथ-साथ बुद्धिमता भी दिखाई व फाइनल राऊंड में ट्विंकल से सर्जिकल स्ट्राइक व अख्ंाड भारत जैसे प्रश्न पूछे गए जिसका उन्होंने बहुत ही सहजता से उत्तर दिया, जिस पर निर्णायकों ने उन्हें विजेता घोषित कर दिया।
थाईलैंड में आयोजित फैशन शो में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
ट्विंकल को खिताब जीतने के बाद थाईलैंड में एक फैशन शो मिला है, जिसमें वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके अलावा ट्विंकल को पंजाबी व हिंदी फिल्मों के ऑफर मिल रहे हैं और जल्द ही वह बड़े पर्दे पर नजर आएंगी। ट्विंकल सिंह का कहना है कि वह चंडीगढ़ में एक ऐसी संस्था चला रही हैं जो बुजुर्गों के लिए कार्य कर रही है। जिन बुजुर्गों के बच्चे बाहरी देशों में काम कर रहे हैं व आज वे अकेले पड़ गए हैं उनकी संस्था ऐसे बुजुर्गों की सेवा करती है।
बद्दी पहुंचने पर सम्मानित की होनहार बेटी
बद्दी पहुंचने पर ट्विंकल सिंह का कांग्रेस के प्रदेश सचिव चौधरी मदन लाल ने भव्य स्वागत किया व शॉल-टॉपी पहनाकर सम्मानित किया। बद्दी के एक निजी होटल में आयोजित समारोह में चौधरी मदन लाल ने बद्दी की इस होनहार बेटी को हरसंभव सहायता करने का आश्वासन दिया।