हिमाचल की सड़कों का एक लाख करोड़ रुपए से होगा कायाकल्प, कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर क्रियाशील, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Tuesday, Mar 05, 2024 - 11:44 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): 2024 के खत्म होने से पहले-पहले हिमाचल प्रदेश के अंदर एक लाख करोड़ रुपए की लागत से सड़कों का कायाकल्प होने वाला है। कुछ सड़कें बन चुकी होंगी, कुछ बन रहीं होंगी और कुछ का काम शुरू होने वाला होगा। यह बात केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी कही। नितिन गडकरी  मंगलवार को हमीरपुर के दोसड़का में करीब 4,000 करोड़ की 15 एनएच परियोजनाओं, रोपवे प्रोजैक्ट के उद्घाटन व शिलान्यास करने पहुंचे थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व राज्य सरकार के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा वर्चुअली जुड़कर इस कार्यक्रम का हिस्सा बने। गडकरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन की दृष्टि से बहुत फेमस है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर अब क्रियाशील हो जाएगा। यानी अब इसके माध्यम से भर्ती प्रक्रिया को शुरू करने संबंधी सभी औपचारिकताओं को पूर्ण कर लिया गया है। इस संदर्भ में मुख्य सचिव की तरफ से आयोग से संबंधित प्रक्रिया और संचालन नियम, 2024 से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके अनुसार आयोग के संगठनात्मक ढांचे, चयन प्रक्रिया, उम्मीदवारों को ई-कॉल लैटर भेजने, ओ.टी.आर. से पंजीकरण करने एवं पूरी नियमावली का उल्लेख किया गया है।

 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल की सड़कों का एक लाख करोड़ रुपए से होगा कायाकल्प : गडकरी
2024 के खत्म होने से पहले-पहले हिमाचल प्रदेश के अंदर एक लाख करोड़ रुपए की लागत से सड़कों का कायाकल्प होने वाला है। कुछ सड़कें बन चुकी होंगी, कुछ बन रहीं होंगी और कुछ का काम शुरू होने वाला होगा। यह बात केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी कही। नितिन गडकरी  मंगलवार को हमीरपुर के दोसड़का में करीब 4,000 करोड़ की 15 एनएच परियोजनाओं, रोपवे प्रोजैक्ट के उद्घाटन व शिलान्यास करने पहुंचे थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व राज्य सरकार के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा वर्चुअली जुड़कर इस कार्यक्रम का हिस्सा बने। गडकरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन की दृष्टि से बहुत फेमस है।

कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर होगा क्रियाशील
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर अब क्रियाशील हो जाएगा। यानी अब इसके माध्यम से भर्ती प्रक्रिया को शुरू करने संबंधी सभी औपचारिकताओं को पूर्ण कर लिया गया है। इस संदर्भ में मुख्य सचिव की तरफ से आयोग से संबंधित प्रक्रिया और संचालन नियम, 2024 से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके अनुसार आयोग के संगठनात्मक ढांचे, चयन प्रक्रिया, उम्मीदवारों को ई-कॉल लैटर भेजने, ओ.टी.आर. से पंजीकरण करने एवं पूरी नियमावली का उल्लेख किया गया है।

मंत्रिमंडल बैठक 7 को, बजट घोषणाओं पर लग सकती है मुहर
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बार फिर 7 मार्च को मंत्रिमंडल बैठक बुलाई है। बैठक में मुख्यमंत्री की तरफ से बजट में की गई अन्य महत्वपूर्ण घोषणाओं पर मुहर लग सकती है। इसके अलावा सरकार की तरफ से हाल ही में जिन विषयों को लेकर घोषणाएं की गई है उसको भी औपचारिक स्वीकृति प्रदान की जा सकती है। बैठक में सरकार विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने संबंधी निर्णय भी ले सकती है। मंत्रिमंडल में सरकार की इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान योजना (5 लाख महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने) को भी मंजूरी दिए जाने की संभावना है।

जल विद्युत उत्पादन कंपनियों पर जल उपकर लगाना असंवैधानिक : हाईकोर्ट
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने जल विद्युत उत्पादन पर राज्य सरकार द्वारा लगाए गए जल उपकर को मंगलवार को असंवैधानिक घोषित कर दिया। न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान और न्यायमूर्ति सत्येन वैद्य की एक खंडपीठ ने हिमाचल प्रदेश जल विद्युत उत्पादन पर जल उपकर अधिनियम, 2023 को यह कहते हुए रद्द कर दिया कि ऐसे कानून बनाना राज्य सरकार की शक्ति से परे है। निजी बिजली उत्पादक कंपनियों और केंद्रीय जलविद्युत उत्पादक उपक्रमों द्वारा दायर 40 याचिकाओं का निस्तारण करते हुए, पीठ ने हिमाचल प्रदेश जल विद्युत उत्पादन पर जल उपकर नियम, 2023 को भी रद्द कर दिया।

सी.एम. ने सोची-समझी रणनीति के तहत की 1500 देने की घोषणा : बिंदल
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने प्रदेश सरकार तथा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर एक सोची-समझी रणनीति के तहत जनता को धोखा देने के लिए घोषणाएं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने 15 माह के कार्यकाल में अपनी विभिन्न गारंटियों को पूरा करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया तथा अब चुनाव करीब देख पिछले कल सी.एम. ने बयान दिया कि हर बहन को 1500 रुपए मिलेंगे। उन्होंने कहा कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती है। उन्होंने सवाल किया कि सदन में 5 दिन पहले जो बजट पारित किया गया उसमें महिलाओं को 1500 रुपए देने के लिए बजट का प्रावधान क्यों नहीं किया गया। अब उन्हें एकाएक क्यों बहनों को 1500 रुपए देने की याद आ गई।

फ्रिज का कंप्रैशर फटने से लगी आग, 3 वर्षीय बच्चे की मौत
उपमंडल की दभोटा पंचायत की हरिजन बस्ती में एक मकान में फ्रिज का कंप्रैशर फटने से लगी आग से 3 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई है, जबकि माता-पिता भी बुरी तरह से झुलस गए हैं। पिता की हालत नाजुक होने पर उसे पी.जी.आई. रैफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार को देर रात्रि 11 बजे हुआ है। आग दभोटा गांव के रमेश कुमार के घर में लगी। रमेश कुमार का बेटा सतनाम सिंह अपनी पत्नी व 3 साल के बेटे बिहान के साथ अपने कमरे में सोया हुआ था। लाइट न होने से उन्होंने मोमबत्ती जला कर फ्रिज पर रखी थी।

भूस्खलन की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत
जिले के धर्मपुर में भूस्खलन की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत हो गई। घटना बीती रात तब घटित हुई जब दोनों मजदूर अपने ढारे में रह रहे थे। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से मलबा आने के कारण वे इसकी चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। एस.पी. सोलन गौरव सिंह ने बताया कि रात करीब 12 बजे पुलिस थाना धर्मपुर के अन्तर्गत गांव गाहर में 2 व्यक्ति सुखारी मुखिया निवासी बिहार 31 वर्ष व बेस मुखिया निवासी बिहार 46 ढारों में रह रहे थे, कि पीछे से भूस्खलन होने के कारण वे इसमें दब गए, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। उक्त दोनों व्यक्ति 3-4 दिन पहले ही यहां आए थे। सूचना मिलने पर पुलिस थाना धर्मपुर से टीम तुरन्त घटना स्थल पर पहुंची तथा घटना की जांच शुरू की।

संस्कृत महाविद्यालय में संस्कृत के संरक्षण पर मंथन
संस्कृत महाविद्यालय में चल रहे हिमाचल संस्कृत अकादमी के कार्यक्रम को छात्रों के विरोध का सामना करना पड़ा। छात्रों के हंगामे को देखते हुए महाविद्यालय प्रशासन को पुलिस बुलानी पड़ी। यही नहीं, छात्रों को बाहर ही रोकने के लिए महाविद्यालय के मुख्य द्वार को बंद कर दिया। प्रदेश भर से अपनी मांगों को लेकर संस्कृत महाविद्यालय में पहुंचे शास्त्री के छात्र अकादमी के सचिव से मिलने की जिद कर रहे थे। जब उन्हें अंदर जाने नहीं दिया तो इन छात्रों ने कालेज के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन कर सरकार व अकादमी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदेश शास्त्र संरक्षण छात्र संघ के बैनर तले ये छात्र अपनी एक मांग को लेकर संस्कृत महाविद्यालय में पहुंचे हुए थे।

129 सड़कें, 587 ट्रांसफार्मर, 77 पेयजल योजनाएं की बहाल, यैलो अलर्ट जारी
प्रदेश में भारी बर्फबारी व बारिश के बाद दुश्वारियां जारी हैं। एक बार फिर से मौसम करवट बदलेगा और गुरुवार को फिर से एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बर्फबारी, वर्षा व ओलावृष्टि सहित हिमस्खलन का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। खासतौर पर चंबा, किन्नौर व लाहौल-स्पीति के अलग-अलग स्थानों पर हिमस्खलन की संभावनाएं हैं। ऐसे में लोगों सहित पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। पिछले 24 घंटों में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों व मशीनरी के माध्यम से 129 सड़कों, 587 बिजली ट्रांसफार्मरों और 77 पेयजल योजनाओं को बहाल किया गया है। अब राज्य में 5 एन.एच., 472 सड़कें, 849 बिजली ट्रांसफार्मर और 47 पेयजल योजनाएं ही ठप्प चली हुई हैं।

भाजपा के 7 विधायकों को नोटिस देकर निष्कासित करने की तैयारी : जयराम
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि भाजपा के 7 विधायकों को विशेषाधिकार कमेटी के माध्यम से नोटिस देकर निष्कासित करने का प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अल्पमत में है और अब सत्ता में बने रहने के लिए षड्यंत्र रचे जा रहे हैं। जयराम ठाकुर यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज वर्तमान सरकार के मंत्री भी कैबिनेट बैठक छोड़कर रोते हुए बाहर निकल रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News