4 से 8 मई तक हिमाचल प्रवास पर रहेंगी राष्ट्रपति, कांग्रेस एक सप्ताह के भीतर करेगी प्रत्याशियों की घोषणा, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Apr 22, 2024 - 11:44 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 4 से 8 मई तक हिमाचल प्रदेश के 5 दिवसीय प्रवास पर रहेंगी। उनका 6 मई को धर्मशाला जाने का कार्यक्रम है, जहां पर वह केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए यहां प्रदेश सचिवालय में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें डी.जी.पी. संजय कुंडू, प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी ओंकार शर्मा, देवेश कुमार, आर.डी. नजीम, राकेश कंवर, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप एवं पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। राष्ट्रपति 7 मई को प्रसिद्ध शक्तिपीठ तारादेवी मंदिर में दर्शन के लिए जाएंगी, जहां वह प्रसाद ग्रहणम कार्यक्रम में शामिल होंगी। लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के प्रत्याशियों को लेकर कांग्रेस का मंथन जारी है। इसके तहत इसी सप्ताह कांग्रेस अपने शेष सभी प्रत्याशियों के नामों पर मोहर लगा देगी। इसको लेकर 3 से 4 दिनों के भीतर दिल्ली में कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी उपस्थित रहेंगे।

 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

4 से 8 मई तक हिमाचल प्रवास पर रहेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 4 से 8 मई तक हिमाचल प्रदेश के 5 दिवसीय प्रवास पर रहेंगी। उनका 6 मई को धर्मशाला जाने का कार्यक्रम है, जहां पर वह केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए यहां प्रदेश सचिवालय में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें डी.जी.पी. संजय कुंडू, प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी ओंकार शर्मा, देवेश कुमार, आर.डी. नजीम, राकेश कंवर, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप एवं पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। राष्ट्रपति 7 मई को प्रसिद्ध शक्तिपीठ तारादेवी मंदिर में दर्शन के लिए जाएंगी, जहां वह प्रसाद ग्रहणम कार्यक्रम में शामिल होंगी।

एचआरटीसी की बसों में जल्द ही क्रैडिट कार्ड से भी होगा टिकट भुगतान
एच.आर.टी.सी बसों में नई ई-टिकटिंग मशीनों से कैशलैस सफर की शुरूआत हो गई है। यात्री डैबिट कार्ड, क्यू.आर. कोड स्कैन और गूगल-पे से किराए का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन इसके साथ अब जल्द ही क्रैडिट कार्ड से भी यात्री बसों में किराए का भुगतान कर सकेंगे। मौजूदा समय में सिर्फ नई मशीनों में डैबिट कार्ड का ही प्रयोग हो पा रहा था। इस सुविधा को लेकर निगम प्रबंधन बैंक प्रबंधन से औपचारिकताएं पूरी कर रहा है। जैसे ही ये औपचारिकताएं पूरी होंगी तो उसके बाद नई ई-टिकटिंग मशीनों में क्रैडिट कार्ड की सुविधा भी शुरू हो जाएगी।

कांग्रेस एक सप्ताह के भीतर कर देगी प्रत्याशियों की घोषणा
लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के प्रत्याशियों को लेकर कांग्रेस का मंथन जारी है। इसके तहत इसी सप्ताह कांग्रेस अपने शेष सभी प्रत्याशियों के नामों पर मोहर लगा देगी। इसको लेकर 3 से 4 दिनों के भीतर दिल्ली में कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी उपस्थित रहेंगे।

हिमुडा व CPWD करेंगे बनखंडी चिड़ियाघर का निर्माण
हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े बनखंडी चिड़ियाघर (वन्य प्राणी उद्यान) के निर्माण में सी.पी.डब्ल्यू.डी. के अनुभवी विशेषज्ञों का सहयोग लिया जाएगा। इसके लिए चिड़ियाघर का निर्माण कार्य हिमुडा के साथ-साथ सी.पी.डब्ल्यू.डी. को भी दिया जाएगा। इसके तहत 50 फीसदी कार्य हिमुडा तथा शेष 50 फीसदी कार्य सी.पी.डब्ल्यू.डी. करेगा। इसके लिए वन विभाग जल्द ही सी.पी.डब्ल्यू.डी. के साथ एम.ओ.यू. करने जा रहा है। वन विभाग इन दिनों एम.ओ.यू. को अंतिम रूप दे रहा है। प्रदेश सरकार जिला कांगड़ा के देहरा में बनखंडी नामक स्थान पर राज्य सरकार 192 हैक्टेयर भूमि पर 619 करोड़ रुपए की लागत से अंतर्राष्ट्रीय स्तर का चिड़ियाघर बनाने जा रही है।

हमने अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का प्रयास किया : दलाईलामा
सोमवार को तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा मुख्य तिब्बती मंदिर त्सुगलगखांग में कई तिब्बती बस्तियों के ओपेरा समूहों के सदस्य, जिन्होंने हाल ही में शो-टोन ओपेरा महोत्सव में भाग लिया था, से मिले। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए दलाईलामा ने कहा कि जब वह ल्हासा में रहते थे तो शो-टोन ओपेरा महोत्सव उनकी पसंदीदा छुट्टियों में से एक हुआ करता था। उन्होंने कहा कि वे इस संभावना से हमेशा उत्साहित रहते थे कि उत्सव 4 दिनों तक चला और उन्हें खुशी हुई।

सी.पी.एस. मामले में उच्च न्यायालय में सरकार की हुई जग हंसाई : जयराम ठाकुर
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोमवार को नगरोटा बगवां में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि सी.पी.एस. मामले में उच्च न्यायालय में सोमवार को पेशी के दौरान सरकार के एडवोकेट जरनल द्वारा तर्क देने से इंकार किए जाने पर सरकार की खूब जग हंसाई हुई है तथा उन्हें कल तक का समय दिया है कि वह कल ही तर्क दें। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व के फैसले अनुसार 6 सी.पी.एस. का पद तो जाएगा ही आने वाले समय में 6 विधायकों की डिस क्वालिफिकेशन भी होगी।

चिट्टा तस्करी के आरोपी को 4 साल की कैद
पुलिस थाना डमटाल की टीम की ओर से 6.05 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपी पर दोष सिद्ध होने के चलते 4 वर्ष की कैद व 30 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई है। विशेष न्यायाधीश धर्मशाला ज्योत्सना डढ़वाल की अदालत ने यह फैसला सुनाया है। मामले की पैरवी कर रहे विशेष लोक अभियोजक जिला न्यायवादी अनिल शर्मा ने बताया कि 31 दिसम्बर 2020 को सायं 4.30 बजे पुलिस थाना डमटाल की टीम मोहटली रेलवे फाटक के पास गश्त पर थी।

नाबालिगा से दुष्कर्म करने के दोषी को 10 वर्ष का कारावास
नाबालिगा से दुष्कर्म करने के आरोपी को दोष सिद्ध होने पर 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई है, साथ ही दोषी को 5000 रुपए जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना न भरने पर दोषी को 2 वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। जिला व सत्र न्यायाधीश अनिल शर्मा की अदालत ने यह फैसला सुनाया है। मामले की पैरवी कर रही जिला न्यायवादी राजरानी ने बताया कि वर्ष 2020 दिसम्बर माह में पुलिस स्टेशन खुंडियां में नाबालिगा के पिता ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में कहा था कि सायं करीब 7 बजे पीड़िता घर से बिना बताए चली गई थी तथा रात करीब साढ़े 9 बजे वापस घर आई तो डरी हुई थी और रो रही थी।

रिश्वत लेते पकड़ा पंचायत सचिव
स्टेट विजीलैंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बद्दी तहसील के तहत ग्राम पंचायत किशनपुरा के सचिव को 1200 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा। जानकारी के अनुसार स्टेट विजीलैंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बद्दी तहसील के तहत किशनपुरा पंचायत के सचिव को 1200 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पंचायत सचिव ने शिकायतकर्त्ता के भाई का जन्म प्रमाण पत्र देने की एवज में रिश्वत की मांग की थी, जिसकी शिकायत स्टेट विजीलैंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो को की गई थी, जिसके बाद निरीक्षक ओम प्रकाश, संदीप कुमार, उप निरीक्षक बाबू राम सहित टीम ने पंचायत सचिव मुनीष कुमार को रंगे हाथों 1200 रुपए की रिश्वत लेते दबोच लिया।

पीड़िता के स्वास्थ्य लाभ का सारा खर्च सरकार वहन करेगी : सुक्खू
पालमपुर में युवती पर दराट से हमला करने की घटना के दृष्टिगत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पीड़िता के परिजनों से भेंट की तथा उन्हें आश्वस्त किया कि न केवल आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने के लिए पुलिस पुख्ता रूप से कार्य करेगी। वहीं पीड़िता के पी.जी.आई. में स्वास्थ्य लाभ का सारा खर्च सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि यह घटना निंदनीय ही नहीं अपितु जघन्य भी है तथा इस संबंध में एस.पी. कांगड़ा को उन्होंने कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश दिए हैं, ताकि समाज में एक प्रकार का संदेश जाए तथा कोई भी इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति करने का साहस न कर सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News