लाहौल-स्पीति की महिलाओं को मिलते रहेंगे 1500 रुपए, विक्रमादित्य ने कंगना पर कसा तंज, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Thursday, Apr 18, 2024 - 12:16 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्य में गुरुवार से एक बार फिर मौसम करवट बदलेगा, जिसके चलते 18 व 19 अप्रैल को ऑरैंज अलर्ट रहेगा। लाहौल-स्पीति जिला की महिलाओं को 1500 रुपए की राशि मिलती रहेगी। हिमाचल के 6 विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का चुनावी रोडमैप तैयार हो गया है। मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत ने होली में जनसभा की। वहीं विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर तंज कसा कि बॉम्बे से आई अभिनेत्री बॉम्बे ही चली जाएगी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ओपीएस को लेकर लोगों को गुमराह कर रही है। गगरेट से पूर्व विधायक राकेश कालिया एक बार फिर से कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर रामनवमी के अवसर पर बुधवार को चिंतपूर्णी मंदिर पहुंचे। नाचन विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड गोहर के 4 पंचायत सचिवों को नेता के घर हाजिरी भरना और नेताओं के साथ फोटो खिंचवाकर उन्हें सोशल मीडिया में वायरल करना महंगा साबित हुआ है। राज्य में परिवहन सेवाओं के लिए निर्भर एचआरटीसी के राजस्व में बढ़ौतरी करने के लिए अब परिवहन निगम ने एक नया तरीका ढूंढ निकाला है। पुलिस थाना कुमारसैन के अंतर्गत ग्राम पंचायत मधावनी के निहरी नाले में स्थानीय लोगों को एक नर कंकाल मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में आज से 2 दिन रहेगा ऑरैंज अलर्ट
बुधवार को प्रदेशभर में साफ व शुष्क रहे मौसम के बाद गुरुवार से एक बार फिर मौसम करवट बदलेगा और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 18 व 19 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर आंधी तूफान के साथ, बिजली चमकने, धूल भरी 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूल भरी हवाओं के साथ ओलावृष्टि, वर्षा व बर्फबारी का ऑरैंज अलर्ट रहेगा जबकि 20 व 21 अप्रैल को यैलो अलर्ट रहेगा। 

चुनाव आयोग ने दी मंजूरी, लाहौल-स्पीति की महिलाओं को मिलते रहेंगे 1500 रुपए
प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिला की महिलाओं को 1500 रुपए की राशि मिलती रहेगी। केंद्रीय चुनाव आयोग ने इसकी मंजूरी दे दी है। हालांकि इस दौरान 1500 रुपए के लिए आए नए आवेदनों पर रोक रहेगी। जानकारी के मुताबिक सरकार ने चुनाव आयोग को इस योजना को जारी रखने के लिए पत्र भेजा था। इसके तहत प्रदेश की सभी महिलाओं को 1500 रुपए देने का आग्रह किया गया था।

CM सुक्खू का चुनावी रोडमैप तैयार, कांग्रेस के पूर्व विधायकों को घेरने के लिए खुद संभालेंगे मोर्चा
हिमाचल के 6 विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का चुनावी रोडमैप तैयार हो गया है। इसके तहत भाजपा की तरफ से उपचुनाव के लिए प्रत्याशी बनाए गए कांग्रेस के 6 पूर्व विधायकों को घेरने के लिए वे स्वयं फील्ड में मोर्चा संभालेंगे। 

हिमाचल के लिए मेरे दिल में क्या है, मुझे किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं : कंगना
फिल्म इंडस्ट्री को वामपंथियों या फिर जिहादियों का गढ़ कहा जाता है। वहां पर सनातनी देशभक्ति की विचारधारा, नैशनलिज्म की विचारधारा को व्यक्त करना, उसके साथ खडे़ रहना आत्महत्या जैसा है। इसके बावजूद लगभग एक दशक से पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी की समर्थक रही। यह बात मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत ने होली में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। 

विक्रमादित्य सिंह ने कसा तंज, बोले-बॉम्बे से आई अभिनेत्री बॉम्बे ही चली जाएगी
भाजपा ने बॉम्बे की हीरोइन कंगना रणौत को प्रत्याशी बनाया है वह प्रदेश में चुनाव लड़ने आई हैं और हारने के बाद बॉम्बे चली जाएंगी। यह बात मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता समझदार है और वह सैलानी और सैर-सपाटे के लिए आए अलग-अलग वेशभूषा में तस्वीर लेने वाले मित्रों और समर्पित नेतृत्व के बीच में अंतर समझती है। 

OPS के मामले पर जयराम ठाकुर ने घेरी कांग्रेस, बोले-भाजपा बदले की भावना से काम नहीं करती
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ओपीएस को लेकर लोगों को यह कह कर गुमराह कर रही है कि भाजपा सरकार बनने पर वह इसे बंद कर देगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा ने इसे बंद नहीं किया है। हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा सरकार बनने पर इसे बंद नहीं किया जाएगा क्योंकि भाजपा बदले की भावना से काम नहीं करती है। 

गगरेट से पूर्व विधायक राकेश कालिया की कांग्रेस में एंट्री
गगरेट से पूर्व विधायक राकेश कालिया एक बार फिर से कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। राकेश कालिया ऊना के कद्दावर नेताओं में शामिल हैं। उनके नाम निचले हिमाचल में सर्वाधिक लीड के साथ जीत के रिकाॅर्ड भी स्थापित है। राकेश कालिया पिछले कुछ दिनों से लगातार सक्रियता बनाए हुए थे और कांग्रेस में टिकट को लेकर लॉबिंग भी कर रहे थे। 

प्रदेश की अब तक कितनी महिलाओं को दिए 1500 रुपए, कांग्रेस दे जवाब : अनुराग ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर रामनवमी के अवसर पर बुधवार को चिंतपूर्णी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने माथा टेका और माता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने वट्ट वृक्ष पर मौली भी बांधी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में रामनवमी को धूमधाम से मनाया जाता है, आज उन्हें माता का आशीर्वाद लेने का सौभाग्य मिला। 

नेताओं के साथ फोटो खिंचवाना पड़ा महंगा, 4 पंचायत सचिवों को नोटिस जारी
नाचन विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड गोहर के 4 पंचायत सचिवों को नेता के घर हाजिरी भरना और नेताओं के साथ फोटो खिंचवाकर उन्हें सोशल मीडिया में वायरल करना महंगा साबित हुआ है। सहायक निर्वाचन अधिकारी द्वारा चुनाव आयोग की ओर से सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है तथा तय समयावधि के भीतर जवाब देने के आदेश जारी किए हैं। 

HRTC ने राजस्व में बढ़ौतरी के लिए ढूंढा नया तरीका, अब हर दिन करेगा ये काम
राज्य में परिवहन सेवाओं के लिए निर्भर एचआरटीसी के राजस्व में बढ़ौतरी करने के लिए अब परिवहन निगम ने एक नया तरीका ढूंढ निकाला है। प्रतिदिन होने वाले राजस्व की निगम ने मॉनीटरिंग शुरू कर दी है, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश के चार डिवीजनों के तहत आने वाले 29 डिपुओं के तहत कई डिपो अपने टारगेट को अचीव करने में सफल भी हो रहे हैं। 

जंगल में गए थे गुच्छी ढूंढने, नाले में मिला कुछ ऐसा कि देखकर उड़े होश
पुलिस थाना कुमारसैन के अंतर्गत ग्राम पंचायत मधावनी के निहरी नाले में स्थानीय लोगों को एक नर कंकाल मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुछ लोग मंगलवार को गुच्छी ढूंढने जंगल की ओर निकले तो रास्ते में निहरी नाले में उन्हें एक नर कंकाल मिला।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News