देश से हो रहे अन्याय के खिलाफ लड़ रही कांग्रेस : प्रतिभा सिंह
punjabkesari.in Thursday, Feb 08, 2024 - 11:07 PM (IST)

रामपुर बुशहर (नोगल): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस देश से हो रहे अन्याय के खिलाफ लड़ रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार देश की ज्वलंत समस्याओं से लोगों का ध्यान भटकाने की नाकाम कोशिश कर रही है। देश में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी 2 ऐसी समस्याएं हैं, जिन पर केंद्र की मोदी सरकार कभी कोई बात नही करती। धुर्वीकरण की राजनीति कर लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार किया जा रहा है। जांच एजैंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष के नेताओं को डराने का पूरा प्रयास किया जा रहा है जोकि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
संसदीय क्षेत्र मंडी के रामपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों गानवी, लबाना-सदाना, जागोरी, फांचा, जियोरी, सराहन, शाहधार, सरपारा, कूट, कयाओ, बोंडा व किन्नू के गानवी में कार्यकर्त्ता संवाद सम्मेलन में सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि सभी को एकजुटता के साथ कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देना होगा। प्रतिभा सिंह ने रामपुर क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में पार्टी कार्यकर्त्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी सभी गारंटियों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कहती है, उसे वह हर हाल में पूरा करती है।
प्रदेश के भाजपा सांसदों की आलोचना करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि आपदा के समय भी इन सांसदों ने केंद्र सरकार के समक्ष किसी भी राहत का कोई भी प्रयास नहीं किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने इन भाजपा सांसदों को एक पत्र लिख कर आग्रह किया था कि प्रदेश में आई इस आपदा से निपटने के लिए हम सभी प्रधानमंत्री से मिलकर विशेष आर्थिक मदद की गुहार लगाएं। मगर दुख की बात है कि उन्होंने इसे पूरी तरह अनदेखा किया। उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष प्रदेश के लिए किसी भी मदद का कोई भी प्रयास नहीं किया। उलटा इस बारे प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास करते रहे।
प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्त्ताओं से आग्रह किया कि वे आज से ही लोकसभा चुनावों के लिए मैदान में डट जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस की जीत के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। इस दौरान उनके साथ स्थानीय विधायक नंद लाल, जिला शिमला कांग्रेस अध्यक्ष अतुल शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश वर्मा और जिला परिषद शिमला की अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here