Himachal: जयराम ठाकुर ने साधा निशाना, बोले-कांग्रेस में अंतर्कलह चरम पर, अब चौराहे तक पहुंची लड़ाई

punjabkesari.in Wednesday, May 07, 2025 - 06:52 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के भीतर इस समय अंतर्कलह चरम पर है। इसके चलते कांग्रेस की लड़ाई अब चौराहे तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि यह सर्वविदित है कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के संबंध ठीक नहीं हैं। इस कारण कई मंत्री व विधायक मुख्यमंत्री तो कुछ उपमुख्यमंत्री के समर्थन में उतर आए हैं। जयराम ठाकुर यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह परिपक्व नहीं हैं। इस कारण वह कई बार ऐसी बात कर जाते हैं, जिस पर उनको बाद में लीपापोती करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि अगर वह मुकेश अग्निहोत्री के पक्ष में खड़े हैं और वीरभद्र स्कूल ऑफ थॉट की बात करते हैं तो उनको अपनी बात पर कायम रहना चाहिए। ऐसे में साजिशों से डरने की आवश्यकता भी नहीं है।

कांग्रेस कार्यकाल में तबाह हो रहा प्रदेश
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकाल में प्रदेश तबाह हो रहा है तथा विकास कार्यों की किसी को चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में जिस तरह से कुर्सी की लड़ाई लड़ी जा रही है, वह प्रदेश हित में नहीं है।

भाजपा सक्षम पार्टी, कांग्रेस अपनी सरकार चलाए
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सक्षम पार्टी है। भाजपा का नेतृत्व अपनी पार्टी को चलाने में सक्षम है। कांग्रेस को अपनी सरकार चलानी चाहिए, लेकिन सत्ता पक्ष में हालात ऐसे हैं कि न पार्टी चल रही है और न ही सरकार।

बिलासपुर की घटना ने खोली कांग्रेस की पोल
जयराम ठाकुर ने कहा कि बिलासपुर में कांग्रेस के संविधान बचाओ कार्यक्रम में अपने ही नेताओं ने पार्टी की पोल खोलकर रख दी। उन्होंने कहा कि इसमें समुदाय विशेष के नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस वर्ग का वोट लेने के बाद कोई काम नहीं किया। उनकी सुनवाई न सत्ता के स्तर पर और न ही संगठन के स्तर पर हुई।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News