Himachal: मुख्यमंत्री सुक्खू दिल्ली रवाना, वित्त मंत्री व 16वें वित्तायोग के अध्यक्ष से मुलाकात के बाद जाएंगे बिहार

punjabkesari.in Tuesday, Oct 28, 2025 - 07:16 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोलन जिले के ममलीग का दौरा करने के बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए। दिल्ली में उनका केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और 16वें वित्तायोग के अध्यक्ष डाॅ. अरविंद पनगढ़िया से मुलाकात करने का कार्यक्रम है। हिमाचल प्रदेश के मौजूदा वित्तीय हालात को देखते हुए दोनों मुलाकातें महत्वपूर्ण हैं। इसका कारण यह है कि केंद्र सरकार की तरफ से प्रदेश के लिए दिसम्बर, 2025 तक ऋण लेने की सीमा 7000 करोड़ रुपए तय की गई है, जिसमें से अब तक 6900 करोड़ रुपए कर्ज लिया जा चुका है। यानी सरकार के पास अक्तूबर माह के बाद सिर्फ 100 करोड़ रुपए कर्ज लेने का विकल्प है।

ऐसे में सरकार चाहती है कि प्रदेश को 2 फीसदी अतिरिक्त ऋण लेने की छूट दी जाए या फिर किसी अन्य मद से उदार वित्तीय मदद मिले। इससे प्रदेश की आर्थिकी को पटरी पर लाने में मदद मिलेगी। इस समय सरकार को प्रति माह करीब 2800 करोड़ रुपए की प्रतिबद्ध देनदारियां निपटानी होती हैं। इसमें वेतन को 2 हजार करोड़ रुपए, पैंशन को 800 करोड़ रुपए, पहले लिए गए कर्ज के ब्याज की अदायगी को 500 करोड़ रुपए और कुल कर्ज का मूलधन चुकाने के लिए 100 करोड़ रुपए की आवश्यकता रहती है।

मुख्यमंत्री को उम्मीद है कि केंद्रीय वित्त मंत्री से होने वाली उनकी मुलाकात महत्वपूर्ण रहेगी। इसके अलावा वह 16वें वित्तायोग के अध्यक्ष डाॅ. अरविंद पनगढ़िया से लगातार 5वीं बार मिलने जा रहे हैं, जिसमें वह 1 अप्रैल, 2026 से लागू होने वाली 16वें वित्तायोग की सिफारिशों को लेकर फिर चर्चा करेंगे। यानी वित्तायोग की सिफारिशों यदि प्रदेश हित में रहती हैं तो राज्य सरकार भविष्य में कर्मचारियों एवं पैंशनरों की प्रतिबद्ध देनदारियों को चुकता करने के अलावा विकास कार्य के लिए अतिरिक्त धन उपलब्ध करवा सकती है। दिल्ली में इन महत्वपूर्ण मुलाकातों के बाद मुख्यमंत्री बिहार विधानसभा क्षेत्र के लिए चुनाव प्रचार करने जाएंगे।

31 अक्तूबर को श्री रेणुका जी जाएंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की 31 अक्तूबर तक प्रदेश वापसी की संभावना है। सिरमौर जिले के श्री रेणुका जी में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मेले के शुभारंभ अवसर पर उनको मुख्यातिथि बनाया गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री 2 नवम्बर को किन्नौर में जनजातीय उत्सव के समापन अवसर में शामिल होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News