Himachal: कांग्रेस अध्यक्ष व मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट के बीच दिल्ली रवाना हुए सीएम सुक्खू

punjabkesari.in Thursday, Oct 16, 2025 - 11:30 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष व मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट के बीच सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू वीरवार को अचानक दिल्ली रवाना हो गए। मुख्यमंत्री से पहले शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर तथा एआईसीसी प्रवक्ता, ठियोग से विधायक एवं उत्तराखंड के ऑब्जर्वर कुलदीप सिंह राठौर पार्टी की हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात कर चुके हैं, ऐसे में जल्द ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की ताजपोशी हो सकती है। इससे राज्य में सियासत गर्मा गई है। हिमाचल प्रदेश में दिसम्बर या फिर अगले वर्ष जनवरी माह में पंचायती राज संस्थाओं व शहरी निकाय के चुनाव होने हैं, ऐसे में पार्टी हाईकमान जल्द ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तथा राज्य कार्यकारिणी की घोषणा कर सकता है। राज्य में करीब 2 वर्ष से कांग्रेस बिना कार्यकारिणी के चल रही है। 

दिल्ली अहम नेताओं के साथ मुलाकात कर चुके हैं रोहित ठाकुर व कुलदीप राठाैर
उधर, अध्यक्ष के चुनाव से पहले शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर व एआईसीसी प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप राठौर दोनों ही दिल्ली पहुंचे थे। दोनों नेताओं की कांग्रेस हाईकमान में अहम नेताओं के साथ मुलाकात हुई। केसी वेणुगोपाल के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के साथ भी इनकी मुलाकात हुई। मुलाकात के बाद गत दिन सोशल मीडिया व रोहित ठाकुर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर भी खबरें चलने लगीं। वहीं हिमाचल प्रभारी से मिलने व शिमला लौटने के बाद वीरवार को विधायक कुलदीप सिंह राठौर के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मनोनीत किए जाने की चर्चाओं ने हिमाचल की सियासत को गर्मा दिया। वहीं इस बीच वीरवार को प्रदेश कांग्रस अध्यक्ष के नाम के ऐलान से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अचानक दिल्ली रवाना हुए। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष की घोषणा होगी। 

रोहित ठाकुर को अध्यक्ष बनाया ताे खाली हो जाएगा मंत्री का एक पद 
उधर, यदि रोहित ठाकुर को अध्यक्ष बनाया जाता है तो मंत्री का एक पद खाली हो जाएगा। इसके अलावा मंत्री का एक पद पहले से ही खाली है, ऐसे में मंत्री के दो पदों पर भी विधायकों की ताजपोशी हो सकती है। अपने दिल्ली दौरे के दौरान सीएम पार्टी हाईकमान से मंत्री पद को लेकर भी चर्चा कर सकते हैं, क्योंकि राज्य में कांग्रेस सरकार का 3 वर्ष का कार्यकाल दिसम्बर में पूरा हो जाएगा तथा अब केवल दो वर्ष की सरकार के बचे हैं। अध्यक्ष की ताजपोशी के बाद ही कांग्रेस कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नवम्बर, 2024 में राज्य कार्यकारिणी सहित जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को भंग किया था। अकेले प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ही पार्टी गतिविधियों का संचालन कर रही हैं, लेकिन प्रतिभा सिंह का कार्यकाल भी मई, 2025 को समाप्त हो चुका है।

घोषणा से पहले कांग्रेस हाईकमान मुख्यमंत्री से करेगी मंत्रणा
प्रदेश कांग्रेस की घोषणा से पहले पार्टी हाईकमान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मंत्रणा करेंगे। इसलिए वह अचानक दिल्ली गए हैं। पंचायती राज संस्थाओं व शहरी निकाय चुनावों से पहले पार्टी हाईकमान संगठन में एक जुटता का संदेश देना चाहता है। इसलिए जहां अध्यक्ष पद की घोषणा में इतनी देरी हो रही है, वहीं प्रदेश के सभी नेताओं से चर्चा भी की जा रही है।

रोहित ठाकुर, कुलदीप राठौर व प्रतिभा सिंह में से किसी एक को मिल सकती है कमान
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की दावेदारों में मौजूदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के अलावा शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर व विधायक कुलदीप सिंह राठौर का नाम लिया जा रहा है। स्वर्गीय पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के दौरान भी कुलदीप सिंह राठौर के नाम की चर्चा मंच से हुई। बाकायदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने उनके काम की तारीफ की। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने भी मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में राठौर के कार्य की प्रशंसा की थी। लिहाजा बीते रोज जहां राजनीतिक गलियारों में बतौर कांग्रेस अध्यक्ष रोहित ठाकुर के नाम की चर्चा रही, वहीं वीरवार को कुलदीप सिंह राठौर का नाम गूंजता रहा। वहीं कांग्रेस हाईकमान ने भी संकेत दिए हैं कि जल्द ही प्रदेश कांग्रेस के संगठन का गठन होगा। प्रभारी रजनी पाटिल इस बारे बयान दे चुकी हैं, साथ ही नेताओं के बाद अब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अचानक दिल्ली जाने से हिमाचल कांग्रेस के नए अध्यक्ष की घोषणा जल्द होने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News