स्वामी विवेकानंद की जयंती पर BJP हिमाचल में करने जा रही ये बड़ा काम, जानिए क्या

punjabkesari.in Wednesday, Jan 08, 2020 - 07:06 PM (IST)

शिमला (योगराज): भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम-2019 को लेकर विपक्षी दलों द्वारा फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर करने तथा लोगों को इस अधिनियम की वास्तविक जानकारी देने के लिए भाजपा ने प्रदेश में 5 जनवरी से जनजागरण अभियान शुरू किया है जोकि 15 जनवरी तक चलेगा। इस अभियान के तहत स्वामी विवेकानंद जी की जयंती (12 जनवरी) के अवसर पर प्रदेश के सभी 7723 बूथों पर एक साथ बैठक के माध्यम से नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर लोगों को जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के समर्थन हेतु लोगों से पीएम मोदी के नाम धन्यवाद पत्र लिखने का भी आग्रह किया जाएगा तथा टोल फ्री नंबर 8866288662 पर मिस्ड कॉल करवाई जाएगी। इसके अलावा इस अधिनियम से जुड़ी जानकारी के पत्रक भी लोगों में बांटे जाएंगे। बूथ बैठकों में प्रदेश भाजपा सरकार की 2 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर भी चर्चा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम के तहत पाकिस्तान, बंगलादेश एवं अफगानिस्तान से भारत में शरण लिए लाखों शरणार्थियों (हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, ईसाई, यहूदी आदि) जो 31 दिसम्बर, 2014 से पूर्व भारत में रह रहे हैं, उनका भारत की नागरिकता लेने का रास्ता साफ हो गया है। भारत सरकार के इस साहसिक एवं ऐतिहासिक निर्णय की पूरे देश में प्रशंसा हो रही है। केवल कुछ राजनीतिक पार्टियां एवं मुट्ठी भर लोग इस अधिनियम की गलत व्याख्या कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जो राजीनतिक पार्टियां आज इस अधिनियम का विरोध कर रही हैं, वे पूर्व में इस अधिनियम का समर्थन करती रही हैं और आज जब मोदी सरकार ने इस अधिनियम को पारित करवा दिया है तो सिर्फ राजनीतिक द्वेष की भावना के कारण इस अधिनियम का विरोध कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सीएए से किसी की भी नागरिकता को कोई खतरा नहीं है। विपक्षी दलों द्वारा सिर्फ राजनीतिक द्वेष की भावना के कारण लोगों को गुमराह किया जा रहा है परन्तु देश व प्रदेश की जनता विपक्षी दलों की कुटिल चालों से अच्छी तरह वाकिफ हो चुकी है। जनता पर उनकी गुमराह करने वाली राजनीति का कोई असर नहीं होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News