4 से 8 मई तक हिमाचल प्रवास पर रहेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

punjabkesari.in Monday, Apr 22, 2024 - 10:34 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 4 से 8 मई तक हिमाचल प्रदेश के 5 दिवसीय प्रवास पर रहेंगी। उनका 6 मई को धर्मशाला जाने का कार्यक्रम है, जहां पर वह केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए यहां प्रदेश सचिवालय में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें डी.जी.पी. संजय कुंडू, प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी ओंकार शर्मा, देवेश कुमार, आर.डी. नजीम, राकेश कंवर, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप एवं पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। राष्ट्रपति 7 मई को प्रसिद्ध शक्तिपीठ तारादेवी मंदिर में दर्शन के लिए जाएंगी, जहां वह प्रसाद ग्रहणम कार्यक्रम में शामिल होंगी। उसके बाद लौटते समय उनका संकट मोचन मंदिर में दर्शन करने का कार्यक्रम है। राष्ट्रपति रिज मैदान व मालरोड पर टहलने के अलावा शाम को गेयटी थिएटर में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगी।

उसके बाद राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल उनके सम्मान में राजभवन में रात्रि भोज देंगे। यानी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 4 मई को राष्ट्रपति निवास पहुंचकर 5 मई को वहां पर ही विश्राम करेंगी। इसके बाद 6 मई को उनका धर्मशाला जाने, 7 मई को शिमला और 8 मई को वापस दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिए, ताकि चुनावी समय में उनके प्रवास कार्यक्रम में किसी तरह का व्यवधान न आए। इस तरह राष्ट्रपति जिन स्थानों से होकर गुजरेंगी, वहां के लिए ट्रैफिक प्लान अलग से तैयार किया जाएगा। इसके अलावा केंद्रीय सुरक्षा एजैंसियों के निर्देशानुसार सुरक्षा घेरे को कड़ा किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News