कृष्णा-कुलदीप के गीतों पर झूमा मंडी
punjabkesari.in Friday, Mar 11, 2016 - 11:07 PM (IST)

मंडी: अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की चौथी सांस्कृतिक संध्या प्लेबैक सिंगर कृष्णा बेऊरा और पहाड़ी नाटियों के स्टार कुलदीप शर्मा के नाम रही। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। डीसी एवं अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष संदीप कदम ने उन्हें स्मृतिचिह्न भेंट किया।
कृष्णा बेऊरा ने रात पौने 9 बजे मंच संभाला। उन्होंने सूफियाना गीत मौला मेरे मौला, तेरे दर पे झुका हूं से कार्यक्रम का आगाज किया। मैं जहां रहूं, तेरी याद साथ है, बीबा तेरा रंग था मैं तो, इश्क की साजिशें, इश्क की बाजियां हारा मैं खेल के दो दिलों का जुआ, तू दे दे मेरा साथ, थाम ले मेरा हाथ, कपड़ेयां धोआं कने रोआं कुंजुआ, दे जा बटन निशानी, पल पल दिल के पास कोई रहता गाने से दर्शकों का मनोरंजन कर उन्हें थिरकने पर मजबूर कर दिया। कृष्णा ने नॉन स्टॉप गीतों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया लेकिन युवाओं का दिल जीतने में वे असफल रहे। दर्शक दीर्घा से लोग पंजाबी गानों की फरमाइश करते रहे।
लोक गायक कुलदीप शर्मा लागा ढोला रा ढमाका, कुल्लू मनाली लागा मेला, ओ इंदिरा आंदी कीहां न, बांठडो चली बोलो जातरे-जातरे, कजारा मोहब्बत वाला अखियों में ऐसा डाला, रोड़ू जाना मेरी अमिए, रोड़ू जाणा हो, मोनिका ओ मेरी मोनिका नाटी से दर्शकों को खूब झुमाया। संध्या का आगाज देर शाम विख्यात शहनाई वादक सूरजमणी ने शहनाई की मंगल ध्वनि से किया। सरकाघाट की रीना ठाकुर ने टूट गई चूडिय़ां कलाई से गाने पर नृत्य कर दर्शकों का मनोरंजन किया।
इससे पहले एनसी मॉडल स्कूल, मोहन पालसरा, शीतल म्यूजिकल ग्रुप, देवकांत रविकांत, सतपाल सिंह, कृष्णा म्यूजिकल ग्रुप, रेखा कुमारी, शिव हिमालया, हिमगिरी म्यूजिकल, मां भीमाकाली, राजीव शर्मा, संवाद कला मंच, विमला चौहान, आयूब खान, सोनू म्यूजिकल ग्रुप व हरवंश अरोड़ा ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त रुग्वेद ठाकुर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल और पुलिस अधीक्षक मंडी प्रेम कुमार ठाकुर भी उपस्थित थे।