Weather Update : हिमाचल में आसमान से बरस रही आग, ऊना में 44 डिग्री पहुंचा तापमान

punjabkesari.in Sunday, May 15, 2022 - 10:22 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में मई के महीने में रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ रही है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में आसमान से बरसती आग ने लोगों का सुकून छीन लिया है। गर्मी के प्रकोप से पहाड़ भी अछूते नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को ऊना और शिमला में मौसम का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। ऊना में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और राजधानी शिमला में 30.4 डिग्री पहुंच गया है। राज्य के अन्य शहरों के तापमान में भी बढ़ौतरी हुई है। रविवार को प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री की बढ़ौतरी दर्ज हुई है। कांगड़ा का पारा इस सीजन में पहली बार 41 डिग्री पहुंचा है। 2 साल बाद कांगड़ा में सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड हुआ है। इसी तरह पहाड़ों की रानी शिमला में भी इस साल पहली बार पारा 30 डिग्री पार कर गया है। लंबे समय के बाद लोग शिमला में तपिश का सामना कर रहे हैं। शिमला में अब तक अधिकतम तापमान 32 डिग्री रिकाॅर्ड हुआ है। 

बिलासपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री, चम्बा 39, नाहन, हमीरपुर व भुंतर में 37.5, सुंदरनगर 37.2, धर्मशाला 35.2, पालमपुर 33.7, डल्हौजी 29.1, कल्पा 25 व केलांग में 22.4, डिग्री रहा। गर्मी के कहर से दोपहर के समय बाजारों में आवाजाही कम देखी जा रही है। मैदानों में सूरज की तपिश इतनी बढ़ गई है कि सुबह 10 बजते ही धूप झुलसाने लगती है। इस बीच सोमवार से भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। दरअसल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से मौसम का मिजाज बदलेगा। 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 16 से 19 मई तक प्रदेश के मैदानी व पर्वतीय भागों में अंधड़, बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचे क्षेत्रों में बर्फ बारी की संभावना है, जिसके कारण अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग ने 16 व 17 मई को मैदानी व मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ भारी बारिश व ओलावृष्टि का यैलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति रफ्तार की गति से अंधड़ चलने की भी आशंका है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News