Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी और ओलावृष्टि, मैदानों में तपिश, 26 मई से लू का अलर्ट

punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 11:09 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल में एक तरफ जहां राज्य के ऊंचे व मध्य पर्वतीय इलाकों में बादल छाए हुए हैं और चोटियों पर बर्फबारी व ओलावृष्टि दर्ज की गई है, वहीं दूसरी ओर मैदानी व निचले इलाकों में सुबह से ही तेज धूप खिलने के कारण तापमान में भारी उछाल आया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 26 से 28 मई तक जहां मैदानी इलाकों में लू चलने की चेतावनी है, वहीं 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान दर्ज किया गया है। सबसे ज्यादा बारिश सुन्नी भज्जी में 23 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा जोत में 11, जोगिंद्रनगर में 8, फागू में 3, कोकसर में 1.4 और पंडोह में 1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। उच्च पर्वतीय शृंखलाओं पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं, राजधानी शिमला सहित भुंतर, जोत और मुरारी देवी क्षेत्र में बिजली चमकने के साथ-साथ शिमला में ओलावृष्टि भी हुई।

रविवार को ऊना में 41 डिग्री तापमान रहा, जो राज्य में सबसे गर्म रहा। सुंदरनगर में 36.4, धर्मशाला में 35.1, भुंतर में 33, शिमला में 27.6, कांगड़ा में 36.8 डिग्री अधिकतम तापमान रिकाॅर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 28, 29 और 30 मई को पूरे प्रदेश में एक बार फिर आंधी, गरज-चमक, ओलावृष्टि और बारिश का दौर शुरू होगा।

गर्मी से राहत पाने को हिमाचल का रुख कर रहे पर्यटक

देश के मैदानी राज्यों में तपिश और चिलचिलाती धूप से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटकों ने हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों का रुख करना शुरू कर दिया है। राजधानी शिमला, मनाली, धर्मशाला और डल्हौजी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। पिछले 3 दिनों में ही बाहरी राज्यों से करीब 25,000 से अधिक पर्यटक वाहन शिमला पहुंचे हैं। पहाड़ों की ठंडी वादियों और सुहावने मौसम का आनंद लेने आ रहे पर्यटकों के कारण सभी होटल पैक हो चुके हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News