Weather Update: भीषण गर्मी का प्रकोप, कई इलाकों में चली लू, फिर बदलेगा मौसम

punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 07:30 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल में मई की गर्मी ने अब विकराल रूप ले लिया है। मैदानी इलाकों से लेकर ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों तक लोग भीषण गर्मी और लू का सामना कर रहे हैं। वीरवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री रिकार्ड किया गया। इसके अलावा नेरी में 41, सुंदरनगर में 39.9, मंडी में 38.8, नाहन में 38.7, सोलन में 36 डिग्री रहा। हिल स्टेशनों का हाल भी बेहाल रहा। शिमला में 30.5, मनाली में 28.6 और कल्पा में 26.5 डिग्री जैसे ठंडे स्थानों पर भी सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार शिमला, धर्मशाला, पालमपुर, सोलन व ऊना में लू यानी हीट वेव चली है। भीषण गर्मी और लू के चलते निचले क्षेत्रों में जनजीवन पर बुरा असर पड़ा है। सिरमौर के पांवटा साहिब और ऊना जैसे जिलों में प्रशासन ने स्कूली समय में बदलाव किया है, ताकि बच्चों को दोपहर की चिलचिलाती धूप और लू से बचाया जा सके। लोगों को दोपहर के समय घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है।

अगले 3 दिन राहत की उम्मीद
मौसम विभाग ने राहत भरी खबर देते हुए बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में जल्द ही बदलाव आएगा। 22 से 23 मई बारिश और आंधी चलेगी। प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। विभाग ने 22 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का ऑरैंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सैल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News