Weather Update: हिमाचल के 6 जिलों में हीटवेव, 8 जिलों में लू का अलर्ट
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 10:32 PM (IST)
शिमला (संतोष): पहाड़ों की रानी शिमला सहित पूरा प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और तीखी धूप की चपेट में है। मैदानी और मध्य पर्वतीय इलाकों में लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री से 4 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा रहा है।
नौतपा के शुरू होते ही प्रदेश के निचले और मैदानी इलाकों में सूरज आग उगल रहा है। मंगलवार को राज्य के 6 जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन व सिरमौर में हीटवेव का प्रकोप रहा। मंगलवार को राज्य का सबसे अधिकतम तापमान ऊना में 42.6 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा सुंदरनगर में तापमान 37.9, भुंतर में 34.5 और सोलन में 37.4 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया है।
राहत की तलाश में पहाड़ों का रुख कर रहे पर्यटकों को शिमला में भी तीखी धूप का सामना करना पड़ रहा है। इसके विपरीत, जनजातीय क्षेत्र केलांग में न्यूनतम तापमान अभी भी 2.5 डिग्री सैल्सियस बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के 8 जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर में भीषण लू (हीटवेव) का यैलो अलर्ट जारी किया है।
28 मई से राहत के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से मौसम में हल्के बदलाव और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के आसार जताए जा रहे हैं। 5 जिलों चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी व शिमला के लिए ऑरैंज अलर्ट, 5 जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन व सिरमौर में यैलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल में 25 जून से होगी मानसून की एंट्री
मौसम विभाग के निदेशक शोभित कटियार ने प्रदेश में इस बार मानसून के 25 जून के आसपास मानसून के दस्तक देने की संभावना है। बीते वर्ष मानसून ने उम्मीद से पहले 20 जून को एंट्री ली थी। मौसम विभाग के अनुसार, इस साल मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान जताया गया है। वर्तमान में मानसून अंडमान पहुंच चुका है और 1 जून तक इसके केरल तट पर टकराने की उम्मीद है।

