हिमाचल में भीषण गर्मी का प्रकोप, ऊना में पारा 41 डिग्री के पार...जानें कब बरसेंगे बादल
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 07:01 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों से लेकर ऊंचे पहाड़ों तक भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर बना हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ यहां सुकून की तलाश में आए सैलानियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि अमूमन ठंडे रहने वाले प्रमुख पर्यटन स्थलों में भी दोपहर के समय चुभने वाली धूप लोगों को बेहाल कर रही है।
विभिन्न क्षेत्रों का तापमान और मौसम का हाल
शनिवार को ऊना पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सैल्सियस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। मैदानी व निचले इलाकों में नेरी में तापमान 37.7, कांगड़ा में 36.2, सुंदरनगर में 35.9, बरठीं और नाहन में 35.7, मंडी में 35.4 तथा धर्मशाला में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हिल स्टेशनों पर भी पारा चढ़ा हुआ है। शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक यानी 27 डिग्री सैल्सियस रहा। मनाली में 24.4, कुफरी में 21.6 और जनजातीय क्षेत्र केलांग में 15.7 डिग्री सैल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। हालांकि, इस बीच कुछ जगहों पर हल्की राहत भी मिली है। राजधानी शिमला में हल्की ओलावृष्टि हुई, जबकि किन्नौर के कल्पा में बूंदाबांदी (तापमान 21.2 डिग्री) और भुंतर में 1 मिलीमीटर बारिश (तापमान 31.4 डिग्री) दर्ज की गई।
स्कूलों के समय में बदलाव, आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी
लगातार बढ़ रही तपिश और लू (हीटवेव) के हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। सिरमौर के पांवटा साहिब और ऊना जैसे अत्यधिक गर्म इलाकों में प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है ताकि बच्चों को गर्मी से बचाया जा सके। इसके साथ ही, स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन ने आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए अपील की है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पेय पदार्थों का सेवन करें।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मिलेगी राहत, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग का पूर्वानुमान लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर लाया है। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव की पूरी संभावना है। मौसम विभाग ने चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके तहत इन क्षेत्रों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने, ओलावृष्टि के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। रविवार और सोमवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की उम्मीद है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आएगी और लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से निजात मिलेगी।

