Mandi News: नबाही माता मेले में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज, जूनियर वर्ग के फाइनल में हरि बैहना ने मारी बाजी

punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 06:20 PM (IST)

मंडी (ब्यूरो): मंडी जिले के आस्था के प्रमुख केंद्र प्रसिद्ध नबाही माता मेले की रौनक खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ और भी बढ़ गई है। इसी उपलक्ष्य में नव दुर्गा जागरण क्लब नबाही के तत्वावधान में 2 दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का पूरे उत्साह के साथ आगाज हो गया है। प्रतियोगिता के पहले ही दिन खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर स्थानीय पंचायत के प्रधान सत्यप्रकाश गरला ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वहीं, पंचायत उपप्रधान सतीश शर्मा ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में हिस्सा लिया और विधिवत रूप से रिबन काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर इस रोमांचक प्रतियोगिता का शुभारंभ करवाया। अतिथियों ने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का आह्वान किया।

हरि बैहना ने आरके इंटरनेशनल को दी पटखनी
प्रतियोगिता का पहला दिन जूनियर वर्ग के युवा खिलाड़ियों के नाम रहा। इस वर्ग में क्षेत्र की कुल 8 टीमों ने हिस्सा लिया और कोर्ट पर अपना बेहतरीन दमखम दिखाया। कड़े और संघर्षपूर्ण लीग मैचों के बाद जूनियर वर्ग का खिताबी (फाइनल) मुकाबला हरि बैहना और आरके इंटरनेशनल स्कूल की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंत में हरि बैहना के खिलाड़ियों ने शानदार स्मैश और बेहतरीन डिफैंस करते हुए आरके इंटरनेशनल स्कूल को हराकर जूनियर वर्ग की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

सोमवार को होगा सीनियर वर्ग का महामुकाबला
आयोजन को लेकर नव दुर्गा जागरण क्लब के प्रधान कश्मीर चंद ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन जूनियर वर्ग के सभी मुकाबले शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न करवा लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि खेल प्रेमियों के असली रोमांच के लिए प्रतियोगिता के दूसरे और अंतिम दिन सीनियर वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। इन मैचों में क्षेत्र की नामी टीमें हिस्सा लेंगी। सोमवार शाम को सीनियर वर्ग के फाइनल मैच और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ ही इस 2दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का विधिवत समापन किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News