Mandi News: उम्र महज 23 साल और नशे का काला कारोबार! जोगिन्द्रनगर में चरस के साथ युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 03:32 PM (IST)
जोगिन्द्रनगर (विनोद): हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जोगिन्द्रनगर पुलिस को एक सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 143 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जोगिन्द्रनगर पुलिस की एक टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने संदेह के आधार पर जब युवक को रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 143 ग्राम चरस बरामद हुई। चरस मिलते ही पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान साहिल कुमार (23) पुत्र गंगा राम निवासी गांव सगनेहड़, डाकघर चौन्तड़ा, तहसील जोगिन्द्रनगर व जिला मंडी के रूप में हुई है।
सप्लाई चेन और तस्करों का नैटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब इस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज तलाशने का प्रयास कर रही है। पुलिस की जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि आरोपी यह चरस कहां से खरीद कर लाया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पूछताछ में क्षेत्र के कुछ अन्य नशा तस्करों के नाम भी सामने आने की उम्मीद है।
नशे के खिलाफ जारी रहेगी सख्ती, गुप्त रहेगी सूचना देने वाले की पहचान : थाना प्रभारी
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और नशे के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशे की खरीद-फरोख्त या तस्करी से संबंधित कोई भी अवैध गतिविधि हो रही हो, तो बेझिझक तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। थाना प्रभारी ने जनता को यह पक्का आश्वासन दिया है कि सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

