Mandi: विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में कार्यकर्त्ता निभाएं सक्रिय भूमिका : अनुराग
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 09:41 PM (IST)
मंडी (रजनीश): पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत संगठनात्मक जिला सुंदरनगर द्वारा नाचन विधानसभा क्षेत्र के गोहर स्थित म्याह माता मंदिर भवन में आयोजित 2 दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का रविवार को सफल समापन हुआ। समापन सत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्त्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित किया।
अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों, विकास कार्यों में ठहराव, वायदाखिलाफी और प्रशासनिक विफलताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्त्ता तथ्यों के आधार पर सरकार की नाकामियों को जनता के बीच रखें तथा पूर्व भाजपा सरकार और केंद्र सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाएं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित, अनुशासित और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित कार्यकर्त्ता है। करोड़ों कार्यकर्त्ताओं के अथक परिश्रम और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्त्ता राष्ट्र को सर्वोपरि, पार्टी को दूसरे स्थान पर और स्वयं को तीसरे स्थान पर रखकर कार्य करता है, यही भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विश्वगुरु भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक कार्यकर्त्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्त्ताओं से आग्रह किया कि वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नाचन के विधायक विनोद कुमार, भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल, सरकाघाट के विधायक दलीप ठाकुर, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, प्रदेश सचिव तिलक राज शर्मा, रजत ठाकुर और भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा लाल सहित जिला एवं मंडल पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

