SPU Mandi Update: फर्स्ट ईयर में एडमिशन का आखिरी मौका, 20 जुलाई तक बढ़ाई डेट

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 07:57 PM (IST)

मंडी (रजनीश): सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी ने कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को राहत देते हुए प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी सरकारी महाविद्यालयों (डिग्री कॉलेजों) में बीए, बीकॉम और बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने की अंतिम तिथि को अब 20 जुलाई तक के लिए विस्तारित कर दिया गया है। एसपीयू के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने बताया कि यह फैसला उन विद्यार्थियों के हित में लिया गया है, जो किसी कारणवश तय समय पर दाखिला नहीं ले पाए थे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों के पास यह अंतिम अवसर है और 20 जुलाई के बाद किसी भी सूरत में प्रवेश की तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी।

एसपीयू कैंपस के इन 3 विभागों में सीटें खाली, 15 को काऊंसलिंग
कुलपति प्रो. अवस्थी ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे लोक प्रशासन, औद्योगिक रसायन और पर्यावरण विज्ञान विभागों में अभी कुछ सीटें रिक्त बची हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी 14 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इन छात्रों के लिए प्रवेश काऊंसलिंग 15 जुलाई को आयोजित की जाएगी।

50 प्रतिशत से कम एडमिशन हुए तो नहीं चलेगा कोर्स
इस दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय की अकादमिक परिषद द्वारा लिए गए एक बेहद अहम फैसले की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन पाठ्यक्रमों में स्वीकृत सीटों के मुकाबले 50 प्रतिशत से कम प्रवेश होंगे, उन पाठ्यक्रमों को वर्तमान शैक्षणिक सत्र में नहीं चलाया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि बहुत कम विद्यार्थियों के साथ कोई कोर्स चलाना शैक्षणिक और प्रशासनिक दृष्टि से व्यावहारिक नहीं है। कुलपति ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में विश्वविद्यालय के उक्त तीनों पाठ्यक्रमों (लोक प्रशासन, इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री और पर्यावरण विज्ञान) में प्रवेश संख्या अभी काफी कम है। इसलिए विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे इन कोर्सेज में अप्लाई करने के साथ-साथ बैकअप के तौर पर किसी अन्य वैकल्पिक पाठ्यक्रम पर भी विचार करके रखें।

अंतिम तिथि का इंतजार न करें छात्र
कुलपति ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना प्रवेश सुनिश्चित करें। प्रवेश फॉर्म, नियम व शर्तें (पात्रता) और अन्य सभी दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय की आधिकारिक वैबसाइट www.spumandi.ac.in पर उपलब्ध हैं। विद्यार्थी नवीनतम अपडेट्स के लिए नियमित रूप से वैबसाइट चैक करते रहें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News