Mandi News: फोरलेन पर टैंकर ने मारी टक्कर...बस से जा टकराया शख्स, मौके पर गई जान; CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा

punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 10:55 PM (IST)

पंडोह (देशराज): मंडी जिले में पंडोह के समीप जागर पंचायत के पास फोरलेन सड़क पर शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसा पेश आया। यहां सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आ गया है।

मृतक की पहचान स्थानीय निवासी जीवन लाल पुत्र कौल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार जीवन लाल शुक्रवार दोपहर किसी कार्य से पंचायत घर आया हुआ था। अपना काम निपटाने के बाद जब वह सड़क पार कर दूसरी ओर जा रहा था, तभी एक तेज रफ्तार टैंकर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टैंकर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीवन लाल उछलकर सड़क के दूसरी तरफ खड़ी एक बस से जा टकराया। इस हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी के प्रभारी अशोक पठानिया अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। चौकी प्रभारी अशोक पठानिया ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी टैंकर चालक को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। मृतक जीवन लाल मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी और 3 बेटों को छोड़ गया है। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

फोरलेन के डिजाइन और अवैध पार्किंग पर भड़के ग्रामीण
इस दर्दनाक हादसे के बाद बीडीसी सदस्य सौरव गुलेरिया और स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष है। उन्होंने फोरलेन निर्माण की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का डिजाइन स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप नहीं बनाया गया है, जिसके चलते इस क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। इसके अलावा, स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे होटलों के बाहर होने वाली अवैध पार्किंग को भी हादसों का एक प्रमुख कारण बताया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की दूसरी ओर स्थित होटलों के वाहन लगातार अवैध रूप से पार्क किए जाते हैं, लेकिन पुलिस और संबंधित विभाग इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं करते। लोगों का साफ तौर पर कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा समय रहते अवैध पार्किंग हटाकर यातायात व्यवस्था पर सख्ती बरती जाती, तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News