Una: सर्पदंश से युवक की मौत, पिता पहले ही छोड़ चुके हैं दुनिया, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

punjabkesari.in Friday, Jul 25, 2025 - 05:16 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): थाना अम्ब के अंतर्गत ग्राम पंचायत जुबेहड़ के अधीन पड़ते लंडेर टिक्करी गांव में वीरवार रात एक युवक की सर्पदंश से मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय कुमार (25) पुत्र स्व. जीत सिंह निवासी लंडेर टिक्करी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वीरवार रात पंचायत के वार्ड नंबर-1 में अजय अपने घर में सो रहा था तो इस दौरान उसे एक सांप ने डस लिया।

परिजन उसे गंभीर अवस्था में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही अजय ने दम तोड़ दिया। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि अजय कुमार एक अत्यंत गरीब परिवार से संबंध रखता था और मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसका एक भाई दिव्यांग है और अब उसकी मौत के बाद उसकी मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

थाना प्रभारी अम्ब अनिल उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। गौरतलब है कि उपमंडल अम्ब में जुलाई माह के दौरान सर्पदंश के कारण अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें एक चार वर्षीय मासूम भी शामिल है। इस बढ़ते खतरे को देखते हुए लोगों में भय का माहौल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News