Weather Update: हिमाचल से मानसून की विदाई शुरू, कम बारिश के बावजूद 3,217 करोड़ का नुक्सान
punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 06:48 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश से अब मानसून विदाई की ओर है। पिछले 2 दिनों से प्रदेशभर में बारिश का दौर थमा हुआ है और आगामी दिनों में भी मौसम के साफ रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 22 से 25 सितम्बर तक प्रदेशभर में मौसम साफ रहेगा और इसी दौरान मानसून के पूरी तरह विदा होने की संभावना है। राज्य में मानसून की विदाई की सामान्य तारीख 25 सितम्बर ही मानी जाती है।
इस वर्ष मानसून सीजन में हिमाचल में सामान्य से 10 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। जहां शिमला सहित बिलासपुर, किन्नौर, कुल्लू और सिरमौर में सामान्य से अधिक बारिश हुई, वहीं चम्बा, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और सोलन जैसे जिलों में कम बारिश दर्ज की गई। सबसे कम बारिश लाहौल-स्पीति (63 फीसदी कम) में हुई, जबकि शिमला में यह सामान्य से 15 प्रतिशत अधिक रही।
कम बारिश के बावजूद राज्य को जान-माल का भारी नुक्सान झेलना पड़ा है। इस सीजन में बारिश और सड़क दुर्घटनाओं में कुल 329 लोगों की मौत हुई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार अब तक प्रदेश को 3,217 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। शनिवार शाम तक राज्य में 55 सड़कें भूस्खलन के कारण बंद थीं।

