Weather Update: हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, 4 जिलों में रहेगा यैलो अलर्ट
punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 06:12 PM (IST)
शिमला (संतोष): बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से वीरवार को हिमाचल प्रदेश के मौसम ने अचानक करवट ली। शिमला जिला की प्रसिद्ध चांशल घाटी, रोहड़ू तथा किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चम्बा की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। शिमला सहित कई मैदानी और मध्यवर्ती भागों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार इस माह कुल मिलाकर सामान्य से 15 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। कुल वर्षा 28.4 मिलीमीटर दर्ज हुई, जबकि सामान्य 24.8 मिलीमीटर है। कांगड़ा में सबसे अधिक 115 फीसदी अधिक यानी 59 मिलीमीटर, बिलासपुर में 62, सोलन में 43, हमीरपुर में 41 और ऊना में 29 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। शिमला में भी 6 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज हुई है। इसके विपरीत, किन्नौर में माइनस 46 और सिरमौर में माइनस 38 फीसदी यानी सामान्य से कम बारिश हुई है, जबकि मंडी में वर्षा का आंकड़ा सामान्य (0 फीसदी) रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 6 डिग्री सैल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। 30 अक्तूबर को शिमला, सिरमौर, मंडी और कांगड़ा जिलों में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और ओलावृष्टि का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। 31 अक्तूबर से 2 नवम्बर के बीच उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में छिटपुट हल्की बारिश व बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद 3 और 4 नवम्बर को पूरे प्रदेश में मौसम के पूरी तरह साफ और शुष्क रहने की संभावना है।

