पंजाब में बैठकर हिमाचल में कर रहा था चिट्टे की सप्लाई, बिलासपुर पुलिस ने खरड़ से दबाेचा मंडी का युवक

punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 03:38 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे अपने अभियान में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने चिट्टा तस्करी के नैटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए बैकवर्ड लिंकेज जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए पंजाब के मोहाली जिले के खरड़ से एक बड़े सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब डेढ़ साल से पंजाब में रहकर नशे का यह अवैध कारोबार चला रहा था। आरोपी की पहचान अनिल कुमार (30) निवासी गांव बधेड़, डाकघर नौली, तहसील जोगिंद्रनगर व जिला मंडी के रूप में हुई है। 

बता दें कि बीते 28 अक्तूबर को स्वारघाट थाना पुलिस ने मंडी जिले के सांडला निवासी 34 वर्षीय हितेंद्र को 7.23 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। स्वारघाट पुलिस ने जब हितेंद्र से सख्ती से पूछताछ की और मामले की परतें खोलीं, तो पता चला कि उसने चिट्टे की यह खेप अनिल कुमार से ही खरीदी थी। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि हितेंद्र पहले भी कई बार अनिल से नशा खरीद चुका था। इसके बाद बिलासपुर पुलिस ने आरोपियों के वित्तीय लेन-देन और मोबाइल संपर्कों को खंगाला। इसी तकनीकी और पुख्ता जांच के आधार पर पुलिस टीम ने पंजाब के खरड़ में दबिश दी और मुख्य सप्लायर अनिल कुमार को धर दबोचा।

बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि पंजाब में बैठे इस तस्कर के तार हिमाचल या अन्य राज्यों में किन-किन लोगों से जुड़े हैं। इसके अलावा, चिट्टा तस्करी के इस अंतर्राज्यीय नैटवर्क में उसकी भूमिका कितनी व्यापक है, इसका भी पता लगाया जा रहा है। बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई से नशा माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News