Weather Update: 4 जिलों में बारिश व बर्फबारी के आसार, ऊंची चोटियों पर हिमपात

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 07:47 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से रविवार को प्रदेश के चार जिलों चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद 26 से 30 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम बिल्कुल साफ रहने का अनुमान है। फिलहाल विभाग ने किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया है।

शनिवार को रोहतांग दर्रा सहित कुल्लू, लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं कोकसर में हल्की ओलावृष्टि होने की सूचना है। ताजा बर्फबारी से जनजातीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। वहीं प्रदेश की राजधानी शिमला सहित आसपास भागों में आज धूप खिली रही। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी राज्य में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह केलांग में 0.1 डिग्री और ताबो में 0.9 डिग्री सैल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मैदानी इलाकों में ऊना का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सैल्सियस तक दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा है और कहीं भी भारी वर्षा या हिमपात दर्ज नहीं किया गया है। हालांकि उत्तर पाकिस्तान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से अब पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बदलने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News