Weather Update: हिमाचल में दीवाली तक मौसम साफ, लाहौल-स्पीति में माइनस पहुंचा पारा
punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 07:24 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल में इस बार दीवाली तक बर्फबारी या बारिश के कोई आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आठ नवम्बर तक पूरे प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क बना रहेगा। ऐसे में दीवाली के पर्व पर प्रदेश भर में धूप खिलने की संभावना है, हालांकि रात और सुबह के समय ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ेगा। जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की सर्दी शुरू हो चुकी है। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी राज्य में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा ताबो में पारा 0.1 डिग्री और कल्पा में 4.2 डिग्री सैल्सियस रहा। मैदानी और घाटी वाले इलाकों में सुबह के समय कोहरे ने दस्तक दे दी है।
मंडी जिले के सुंदरनगर में घना कोहरा छाने से दृश्यता सिमटकर केवल 200 मीटर रह गई, जिससे वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। वहीं शिमला, मनाली और धर्मशाला में धूप खिलने से दिन का मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक अक्तूबर महीने में राज्य में सामान्य (25.1 मिलीमीटर) के मुकाबले 28.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो औसत से 15 फीसदी अधिक है। वर्ष 1901 के बाद अक्तूबर में यह 43वीं सबसे अधिक वर्षा है। जिलावार आंकड़ों में कांगड़ा जिले में सबसे ज्यादा सामान्य से 115 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि सिरमौर और किन्नौर जिलों में बारिश सामान्य से कम रही।

